Aaj Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में उग्र होने वाला है मौसम, दिल्ली में आज होगी बारिश? IMD ने बताया
Aaj Ka Mausam: मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा में 3 और 4 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। एक से 4 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

Aaj Ka Mausam 1 November: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान में एक से 6 नवंबर के दौरान देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। अत्यंत भारी बारिश और तूफान की आशंका को देखते हुए हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। आईएमडी का कहना है कि 2 नवंबर को देश के अलग-अलग स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 50–60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा में 3 और 4 नवंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। एक से 4 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 2-3 नवंबर को बारिश के आसार हैं। 3 और 4 नवंबर को भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश में भी 4 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ कुछ स्थानों पर 30-40 किमी/घंटा की गति से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 नवंबर तक मध्यम बारिश का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश में 1 और 2 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है।
कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
दिल्ली के रामलीला मैदान में आज विपक्ष की रैली है। इस बीच आईएमडी ने कहा है कि शनिवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। अगले कुछ दिन तक मुख्य रूप से आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बंगाल की खाड़ी में उग्र रहेगा मौसम
बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में मौसम काफी उग्र रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में 1 नवंबर की दोपहर से हवा की गति बढ़कर 65-75 किमी/घंटा हो जाएगी। 2 नवंबर की सुबह से 3 नवंबर के दोपहर तक यह गति बढ़कर 80-90 किमी/घंटा तक पहुंचने की आशंका है।
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में बेमौसम बारिश का आसार
महाराष्ट्र में मौसम का मिजाज अप्रत्याशित बना हुआ है। राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि कई जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और छिटपुट बारिश के आसार हैं, वहीं दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक पुणे, सतारा, सांगली और कोल्हापुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पुणे और सतारा के घाट क्षेत्रों में भी बौछारें पड़ने के आसार हैं। नासिक और अहिल्यानगर जिलों के कुछ हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।
मुंबई में भारी बारिश का अनुमान नहीं है, फिर भी वायुमंडलीय परिस्थितियों में बदलाव देखने को मिल सकता है। मराठवाड़ा के अधिकतर जिलों, जिनमें छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड और हिंगोली शामिल हैं, में मौसम शुष्क रहेगा और यहां बारिश की कोई बड़ी गतिविधि दर्ज नहीं होने का अनुमान है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेखक के बारे में
Himanshu Jhaबिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।
एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।
हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।
काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।
और पढ़ें
