रोड सेफ्टी से लेकर कोरोना गाइडलाइन्स तक के संदेशों को जनता तक पहुंचाने के लिए मुंबई पुलिस अक्सर मजेदार तरीका निकालती रही है। एक बार फिर से मुंबई पुलिस ने बड़े ही क्रिएटिव कंटेंट के जरिए लोगों को खास संदेश देने की कोशिश की है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। मुंबई पुलिस का सोशल मीडिया पेज अपने बेतरीन कंटेंट और मजेदार तरीकों के लिए मशहूर रहा है। इस बार उसने लोगों कोरोना से बचाव को हाथ धोने का संदेश देने के लिए अमिताभ बच्चन की फिल्म के एक क्लिप का सहारा लिया है।
कोरोना के खिलाफ जंग में लगातार हाथ धोना कितना फायदेमंद है, यह संदेश देने के लिए मुंबई पुलिस ने 1990 में आई अमिताभ बच्चन की मशहूर फिल्म 'अग्निपथ' के एक सीन का सहारा लिया है, जिसमें अमिताभ बच्चन को मां हाथ धोने के लिए कहती है। इस वीडियो क्लिप के साथ मुंबई पुलिस ने कैप्शन दिया है- क्या आपने कभी जानने की कोशिश की, कि मां को क्या पसंद है?'
मुंबई पुलिस के पोस्ट में शेयर इस सीन को सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं। अब तक इस पोस्ट को 6 हजार से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं और कमेंट की भी बाढ़ आ चुकी है। लोग अलग-अलग इमोजी का इस्तेमाल कर कमेंट कर रहे हैं।
एक सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, हां मां हमेशा सही होती हैं। वहीं एक अन्य ने लिखा- काफी क्रिएटिव। बता दें कि मुंबई पुलिस ऐसे कंटेंट के लिए काफी मशहूर रही है। फिल्मों के सीन से लेकर डायलॉग तक को काफी क्रिएटिव तरीके से अपने सोशल मीडिया पेज पर प्रस्तुत करती है और लोगों को इनके जरिए संदेश देती है।