फ्लाईओवर पर खड़े हो नोटों की बारिश करने लगा शख्स, कहा- जीना मुश्किल हो गया
बेंगलुरु में एक अजीब घटना सामने आई है। मंगलवार सुबह केआर मार्केट के फ्लाइओवर के ऊपर खड़ा एक शख्स नोटों की बारिश करने लगा। इसके बाद नोट लूटने वालों की वजह से जाम लग गया।

इस खबर को सुनें
बेंगलुरु में एक फ्लाईओवर से 10-10 के नोट बरसने लगे। दरअसल एक शख्स फ्लाईओवर को ऊपर खड़ा होकर नोट उड़ा रहा था। फ्लाईओवर के नीचे लोग नोट लूटने लगे। लोग गाड़ियां रोककर नोट उठाने लगे। जिस शख्स ने नोट उड़ाए उसने अपने गले में घड़ी लटका रखी थी। इस दौरान सड़क पर जाम लग गया। लोग नीचे से नोट मांग भी रहे थे। पुलिस ने कहा था कि उस शख्स की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने ऐसा क्यों किया।
बाद में पता चला कि नोट उड़ाने वाले शख्स का नाम अरुण है और वह बेंगलुरु में एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी चलाता है। वह एक यूट्यूब चैनल भी चलाता है। यह घटना बेंगलुरु के केआर मार्केट की है। बताया गया कि वह शख्स ऐक्टिवा से आया था। वह कह रहा था, जीना मुश्किल हो गया है।
नोटों की बारिश के चलते फ्लाईओवर के नीचे जाम लग गया। लोग इधर-उधर भागकर नोट उठा रहे थे। इसके बाद जब पुलिस को पता चला तो वह मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में ले लिया। बताया गया कि उस शख्स ने तीस हजार रुपये उड़ा दिए। पुलिस को शक है कि व्यक्ति का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है।