ताजमहल में बंदरों की 'पूल पार्टी', वजू टैंक में जमकर लगाए गोते; वीडियो वायरल

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ताजमहल का दीदार करने आए देश-विदेश के पर्यटक इस नजारे को देखकर बंदरों की इस मस्ती का मजा लेने लगे। वहां मौजूद भारी भीड़ ने अपनी जेबों से फोन निकाल लिए और बंदरों के इस स्विमिंग सेशन को कैमरे में कैद करने लगे।

Taj Mahal Viral Video: दुनिया के सात अजूबों में शुमार और भारत की ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल परिसर से एक बेहद ही अनोखा और मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बंदरों का एक झुंड ताजमहल परिसर के भीतर बने एक वॉटर टैंक में जमकर तैरता, गोते लगाता और अठखेलियां करता नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग इसे ताजमहल के भीतर बंदरों की पूल पार्टी कहकर चुटकियां ले रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कई बंदर टैंक के चारों ओर जमा हैं और एक-एक करके पानी में छलांग लगा रहे हैं। कुछ बंदर तैरकर टैंक को पार कर रहे हैं, तो कुछ पानी के भीतर एक-दूसरे को दौड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

ताजमहल का दीदार करने आए देश-विदेश के पर्यटक इस नजारे को देखकर बंदरों की इस मस्ती का मजा लेने लगे। वहां मौजूद भारी भीड़ ने अपनी जेबों से फोन निकाल लिए और बंदरों के इस स्विमिंग सेशन को कैमरे में कैद करने लगे।

वायरल वीडियो में कई दावे

सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट्स में यह दावा किया जा रहा था कि बंदरों ने ताजमहल के मुख्य गुंबद के सामने वाले फव्वारे मुख्य सेंट्रल टैंक को अपना स्विमिंग पूल बना लिया है। हालांकि, अधिकारियों ने इस भ्रामक दावे का खंडन किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीडियो में दिख रहा वॉटर टैंक मुख्य फव्वारा नहीं है, बल्कि यह मुख्य मकबरे और मस्जिद के बीच स्थित वजू टैंक है। इस जगह का उपयोग नमाजी मस्जिद में नमाज अदा करने से पहले हाथ-मुंह धोने के लिए करते हैं।

भले ही यह वीडियो देखने में काफी मजेदार लग रहा हो, लेकिन इसने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इंटरनेट पर कई यूजर्स ने चिंता जताते हुए पूछा है कि बेहद संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी जोन होने के बावजूद ये जानवर इतनी आसानी से और बेधड़क टैंक तक कैसे पहुंच गए? पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में बंदरों के प्रवेश को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हैं?

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में हाल ही में बंदरों द्वारा पर्यटकों पर हमले और एक अन्य घटना में बंदर द्वारा 2 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर पेड़ से नोटों की बारिश करने के मामले भी सामने आ चुके हैं।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

मामले के तूल पकड़ने के बाद पुरातत्व विभाग और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए ताजमहल के वरिष्ठ सुरक्षा सहायक कलंदर ने बताया कि इस वायरल वीडियो की गहन जांच की जा रही है। अधिकारी फिलहाल इस बात का पता लगा रहे हैं कि यह वीडियो वास्तव में किस तारीख और समय का है, ताकि सुरक्षा में हुई इस चूक की सही परिस्थितियों को समझा जा सके।

Himanshu Jha

लेखक के बारे में

Himanshu Jha

बिहार के दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु शेखर झा डिजिटल मीडिया जगत का एक जाना-माना नाम हैं। विज्ञान पृष्ठभूमि से होने के बावजूद (BCA और MCA), पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून के कारण उन्होंने IGNOU से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया और मीडिया को ही अपना कर्मक्षेत्र चुना।


एक दशक से भी अधिक समय का अनुभव रखने वाले हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों जैसे दैनिक भास्कर, न्यूज़-18 और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दी हैं। वर्तमान में, वे वर्ष 2019 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े हुए हैं।


हिमांशु की पहचान विशेष रूप से राजनीति के विश्लेषक के तौर पर होती है। उन्हें बिहार की क्षेत्रीय राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति की गहरी और बारीक समझ है। एक पत्रकार के रूप में उन्होंने 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों और कई विधानसभा चुनावों को बेहद करीब से कवर किया है, जो उनके वृहद अनुभव और राजनीतिक दृष्टि को दर्शाता है।


काम के इतर, हिमांशु को सिनेमा का विशेष शौक है। वे विशेष रूप से सियासी और क्राइम बेस्ड वेब सीरीज़ देखना पसंद करते हैं, जो कहीं न कहीं समाज और सत्ता के समीकरणों को समझने की उनकी जिज्ञासा को भी प्रदर्शित करता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।