भारत सर्कस बन गया है… करोड़पति शख्स क्यों करने लगा देश छोड़ने की बात? वायरल हो रहा पोस्ट
वायरल पोस्ट को लेकर लोग अलग अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अगर इस इंसान को भारत में सुकून नहीं मिला तो कहीं नहीं मिलेगा, वहीं कुछ लोग शख्स के समर्थन में भी आए।

अपनी पूरी जिंदगी भारत में बिताने वाला एक शख्स अब यहां से दूर जाना चाहता है। लगभग 50 सालों तक यहां रहने और करीब 10 करोड़ की सेविंग्स इकट्ठा करने के बाद इस शख्स का कहना है कि भारत के बड़े शहर रहने लायक नहीं हैं और यहां सुकून नाम की कोई चीज नहीं है। इस शख्स का पोस्ट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और लोग इस पर अलग अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
इस पोस्ट में शख्स का कहना है कि दिल्ली और बैंगलोर जैसे शहरों में हर तरफ भीड़ और गंदगी है। पोस्ट का शीर्षक है, “मेरे पास 10 करोड़ की संपत्ति है और अब मैं इस ‘सर्कस जैसे भारत’ से थक चुका हूं।” शख्स ने लिखा कि वह करीब 50 साल का है और इतनी बचत होने के बावजूद बेंगलुरु या दिल्ली जैसे शहरों में रहना अब रोज की जंग जैसा लगता है। उसने लिखा, “50 की उम्र में 10 करोड़ होना जीत जैसा लगना चाहिए, लेकिन सच कहूं तो बेंगलुरु या दिल्ली में रहना अब रोज की लड़ाई बन गया है।” उसने लंबी लाइंस, ट्रैफिक और मोटे टैक्स के बदले कोई सुविधा ना मिलने को अपनी परेशानी की वजह बताया।
कैसी जगह की तलाश?
उसने आगे शोर, गंदगी और निजी जगह की कमी का भी जिक्र किया। उसने कहा, “हर जगह शोर, गंदे नाले और निजी जगह की पूरी कमी के बीच मुझे लगने लगा है कि इस ‘भारत’ नाम के विचार के प्रति मेरी वफादारी अब अपनी हद पर पहुंच गई है।” शख्स ने कहा कि अब वह एक शांत जगह पर रिटायर होना चाहता है। उसने लिखा, “मैं ऐसी जगह रहना चाहता हूं जहां हर कोने पर पान की पीक न दिखे और हर मॉल में महंगे विदेशी ब्रांड न हों।”
क्या कह रहे लोग?
इस पोस्ट पर कई लोगों ने अपनी राय दी है। एक यूजर ने लिखा, “केरल रिटायरमेंट के लिए सबसे बढ़िया जगह है। यहां बड़े कॉरपोरेट ऑफिस कम हैं, खर्च भी कम है। घर बड़े होते हैं, खुली जगह मिलती है, हवा साफ है और जिंदगी शांत है।” वहीं एक और यूजर ने सलाह दी, “हिमाचल, उत्तराखंड या पूर्वोत्तर के पहाड़ी इलाकों में चले जाओ। साफ हवा, कम प्रदूषण और सुकून भरी जिंदगी मिलेगी।” हालांकि कुछ यूजर पोस्ट में लिखी बातों से सहमत नहीं दिखे। एक यूजर ने लिखा, “अगर आप जहां हैं वहां खुश नहीं हैं, तो कहीं और भी खुश नहीं रह पाएंगे।”
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


