पहला बिजनेस डूबा फिर 30 हजार का कर्ज लेकर शुरू किया ये काम, अब मंथली 25 लाख रुपये कमाता है शख्स
अभिषेक ने 30 हजार रुपये का कर्ज लिया और खाने-पीने का कारोबार शुरू करने का फैसला किया। उन्होंने यूट्यूब से अलग-अलग तरह की सैंडविच बनाने की रेसिपी सीखीं और एक छोटी सी सैंडविच की रेहड़ी लगा दी। शुरुआत भले ही छोटी थी, लेकिन धीरे-धीरे लोगों को उनका सैंडविच पसंद आने लगा

किसी भी बिजनेस में मिली नाकामी भले ही किसी के लिए बड़ा झटका हो, लेकिन यह सफर का अंत नहीं होती। कई बार असफलता ही इंसान को नई राह दिखाती है और वही छोटी-सी दूसरी शुरुआत आगे चलकर बड़ी कामयाबी की नींव बन जाती है। भोपाल के अभिषेक साहू के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। करीब 15 साल पहले अभिषेक भोपाल आए थे। उन्होंने यहां एक इंटरनेट कैफे शुरू किया, लेकिन उनका यह कारोबार सिर्फ एक साल ही चल पाया। बिजनेस बंद होने के बाद उन्हें दोबारा शुरुआत करनी पड़ी।
30 हजार के कर्ज के साथ शुरू किया काम
इसके बाद अभिषेक ने 30 हजार रुपये का कर्ज लिया और खाने-पीने का कारोबार शुरू करने का फैसला किया। उन्होंने यूट्यूब से अलग-अलग तरह की सैंडविच बनाने की रेसिपी सीखीं और एक छोटी सी सैंडविच की रेहड़ी लगा दी। शुरुआत भले ही छोटी थी, लेकिन धीरे-धीरे लोगों को उनका सैंडविच पसंद आने लगा और कारोबार बढ़ता गया। आज हरि हर सैंडविच की दुकान पर सप्ताह के दिनों में 600 से ज्यादा और छुट्टी के दिनों में 1,000 से ज्यादा सैंडविच बिकते हैं। इस कारोबार का मंथली टर्नओवर करीब 25 लाख रुपये तक पहुंच चुका है।
महीने में होती है 25 लाख की कमाई
अभिषेक साहू की कहानी हाल ही में सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई। एक्स पर प्रथम नाम के एक यूजर ने उनकी कहानी शेयर की। उन्होंने बताया कि कैसे एक नाकाम इंटरनेट कैफे से शुरू हुआ सफर आज एक सफल स्ट्रीट-फूड कारोबार तक पहुंच गया। प्रथम ने अभिषेक के कारोबार की तारीफ करते हुए लिखा, “ग्राहकों को अपना ऑर्डर मिलने के लिए 30 से 50 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है। एक असफल इंटरनेट कैफे से शुरू हुआ सफर आज 25 लाख रुपये महीने के स्ट्रीट-फूड कारोबार तक पहुंच गया है।”
सोशल मीडिया पर वायरल हुई कहानी
प्रथम की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर अभिषेक साहू की कहानी को लेकर चर्चा शुरू हो गई। लोगों ने कहा कि इस कहानी की सबसे खास बात सिर्फ 25 लाख रुपये का मासिक टर्नओवर नहीं है। असली बात यह है कि पहला कारोबार बंद होने के बाद भी अभिषेक ने हार नहीं मानी और सिर्फ 30 हजार रुपये के कर्ज से दोबारा शुरुआत करने का फैसला किया। लोगों ने अभिषेक के सफर को उन लोगों के लिए प्रेरणा बताया, जो कारोबार में पहली नाकामी के बाद हिम्मत हार जाते हैं। उनका सफर दिखाता है कि किसी बड़े कारोबार की शुरुआत हमेशा बड़ी रकम से नहीं होती। छोटी शुरुआत, ग्राहकों की पसंद को समझना, गलतियों से सीखना और लगातार मेहनत करते रहना भी कारोबार को बड़ा बना सकता है।
एक यूजर ने लिखा, “इस कहानी की सबसे बड़ी बात 25 लाख रुपये का टर्नओवर नहीं है। असली बात यह है कि पहला कारोबार फेल होने के बाद भी उन्होंने 30 हजार रुपये से दोबारा शुरुआत करने की हिम्मत दिखाई। छोटे-छोटे प्रयोग, ग्राहकों की मांग और लगातार मेहनत मिलकर बड़ा कारोबार खड़ा कर सकते हैं।” अभिषेक साहू की कहानी पर लोगों की प्रतिक्रियाएं लगातार सामने आ रही हैं। एक यूजर ने उनकी कामयाबी की तारीफ करते हुए लिखा, “एक असफल इंटरनेट कैफे से 25 लाख रुपये महीने के कारोबार तक पहुंचना वाकई शानदार वापसी है।” वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा, “मैंने उनके सफर को करीब से देखा है। उन्हें आज इस मुकाम पर देखकर बहुत खुशी हो रही है।”


