जाको राखे साइयां...चलती ट्रेन से ट्रैक पर गिरा युवक; 13 डिब्बे गुजर गए, बाल-बाल बचा

हिन्दुस्तान टीम, ललितपुर/झांसी
Follow us on Google News
share

ललितपुर रेलवे स्टेशन पर झेलम एक्सप्रेस से गिरा यात्री दातार सिंह यादव ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। उसके ऊपर से 13 डिब्बे गुजर गए, लेकिन वह चमत्कारिक रूप से बच गया। जीआरपी ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

यूपी के ललितपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती झेलम एक्सप्रेस से गिरा एक यात्री ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। उसके ऊपर से ट्रेन के 13 डिब्बे गुजर गए, लेकिन वह चमत्कारिक रूप से जीवित बच गया। घटना को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और जीआरपी जवानों की सांसें थम गईं। जीआरपी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि भोपाल से चलकर गाड़ी संख्या 11077 झेलम एक्सप्रेस बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे ललितपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी। यहां से ट्रेन झांसी के लिए रवाना हुई। इसी दौरान मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के भगवातपुरा गांव निवासी 40 वर्षीय दातार सिंह यादव स्लीपर कोच एस-6 के गेट पर बैठकर यात्रा कर रहे थे।

ट्रैक पर गिरा युवक, 13 डिब्बे गुजरे

बताया गया कि ट्रेन में काफी भीड़ थी। इसी बीच अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से फिसलकर प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच जा गिरे। हादसा देखते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी को आशंका थी कि युवक ट्रेन की चपेट में आ गया होगा। हालांकि दातार सिंह ट्रैक और प्लेटफॉर्म के बीच की खाली जगह में फंस गए, जिससे उनकी जान बच गई। ट्रेन के 13 डिब्बे उनके ऊपर से गुजर गए। पूरी ट्रेन निकलने के बाद जीआरपी के जवानों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा।

भोपाल से लौट रहा था दातार

घायल दातार ने बताया कि वह भोपाल से लौट रहा था ट्रेन में भीड़ अधिक होने के कारण गेट पर बैठा था। इसी दौरान उसका बैलेंस बिगड़ गया। थाना जीआरपी प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना में युवक मामूली घायल हुआ था। जिसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। घटना की सूचना उनके परिजनों को भी दे दी गई है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ट्रेन यात्रा के दौरान बरतें ये सावधानियां

ट्रेन यात्रा के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यात्रियों को हमेशा ट्रेन के अंदर सुरक्षित स्थान पर बैठकर यात्रा करनी चाहिए और दरवाजे पर बैठने या खड़े होने से बचना चाहिए। चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश कभी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि इससे संतुलन बिगड़ने और ट्रैक पर गिरने का खतरा रहता है। भीड़ होने पर भी गेट के पास खड़े रहने के बजाय कोच के भीतर रहना अधिक सुरक्षित होता है। यात्रा के दौरान मोबाइल फोन पर बात करते हुए या वीडियो बनाते समय दरवाजे के पास नहीं जाना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना चाहिए तथा उन्हें अकेले दरवाजे के पास नहीं जाने देना चाहिए। प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच मौजूद गैप को देखते हुए सावधानी से चढ़ना और उतरना चाहिए।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।