एक सेकंड की लापरवाही और पलट गई भरी बस, शादी से पहले हुआ हादसा...हैरान कर देगा ये वीडियो

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक स्कूटर बिना संकेत दिए अचानक बस के सामने आ गया। स्कूटर को बचाने के लिए बस चालक ने तुरंत बस को दाईं ओर मोड़ा और ब्रेक लगाए। अचानक मोड़ने के कारण बस सड़क से नीचे उतर गई

Kerala bus accident
शादी में जा रही लोगों से भरी एक टूरिस्ट बस अचानक पलट गई।

केरल के एर्नाकुलम जिले में शादी समारोह में जा रहे लोगों से भरी एक टूरिस्ट बस अचानक पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि सामने अचानक एक स्कूटर आ गया, जिसे बचाने की कोशिश में बस ड्राइवर ने तेज मोड़ दिया और बस अपना बैलेंस खो बैठी। यह हादसा 27 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे कक्कूर के पास कूटट्टुकुलम-पिरावोम रोड पर एक पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। बस में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोग सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, स्कूटर को बचाने के लिए बस को अचानक मोड़ना पड़ा। इसी दौरान बस ड्राइवर का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्कूटर को बचाने में बस सड़क से उतरी

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक स्कूटर बिना संकेत दिए अचानक बस के सामने आ गया। स्कूटर को बचाने के लिए बस चालक ने तुरंत बस को दाईं ओर मोड़ा और ब्रेक लगाए। अचानक मोड़ने के कारण बस सड़क से नीचे उतर गई। इसके बाद बस पास के पेट्रोल पंप पर बने एक ढांचे से टकराकर पलट गई। गनीमत रही कि बस पेट्रोल पंप के फ्यूल डिस्पेंसर, वहां पेट्रोल भरवा रही एक कार और दूसरे दोपहिया वाहन से टकराने से बाल-बाल बच गई।

अगर बस फ्यूल डिस्पेंसर से टकरा जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था और आग लगने का खतरा भी था। इस हादसे में 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को कूटट्टुकुलम के पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस और बचाव दल ने संभाला मोर्चा

हादसे की जानकारी मिलते ही दमकल और बचाव दल के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद की और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए। पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। हालांकि, दुर्घटना के बाद कुछ यात्री घबराकर बेहोश हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।

हादसे के बाद बस स्कूटर सवार पर भड़के लोग

हादसे का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। कई यूजर्स ने सिल्वर रंग के स्कूटर सवार को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया। लोगों का कहना है कि स्कूटर अचानक बस के सामने आ गया, जिसके बाद ड्राइवर को बस मोड़नी पड़ी और यह हादसा हो गया। वहीं, कुछ लोगों ने बस ड्राइवर पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि सड़क संकरी थी और ऐसे में बस को इतनी तेज रफ्तार से चलाना भी सही नहीं था। लोगों के बीच इस बात को लेकर बहस छिड़ गई कि हादसे के लिए आखिर किसकी गलती ज्यादा थी। एक यूजर ने स्कूटर सवार की आलोचना करते हुए कहा कि हेलमेट पहनना ही काफी नहीं है, सड़क पर वाहन चलाते समय समझदारी और सावधानी भी जरूरी है। वहीं, एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ एक स्कूटर सवार की लापरवाही की वजह से शादी के मेहमानों से भरी बस पलट गई।

Rajat Kumar

लेखक के बारे में

Rajat Kumar

रजत कुमार बीते आठ सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। मैंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की और भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।

अपने आठ साल के पत्रकारिता करियर में मैंने प्रभात खबर, इंडिया टुडे और मनीकंट्रोल जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ काम किया है। फिलहाल मैं लाइव हिंदुस्तान के साथ अपने पत्रकारिता के सफर को आगे बढ़ा रहा हूं। अपने करियर में मुझे दो लोकसभा चुनाव और पांच से अधिक विधानसभा चुनाव कवर करने का अनुभव मिला है। चुनावी रिपोर्टिंग के साथ-साथ जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और उनके पीछे की वास्तविक तस्वीर को सामने लाना मेरी पत्रकारिता का अहम हिस्सा रहा है।

ग्राउंड पर जाकर आम लोगों की कहानियों, उनकी समस्याओं और संघर्षों को करीब से समझना और उनकी आवाज को सामने लाना मेरे लिए सबसे पसंदीदा काम है। राजनीति, क्रिकेट, सिनेमा और इतिहास की अनोखी कहानियों को ढूंढकर सबके सामने लाना काफी पसंद है। इन सभी विषयों पर लिखना- पढ़ना जारी है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsवायरल न्यूज़ एक सेकेंड की लापरवाही और पलट गई भरी बस, शादी से पहले हुआ हादसा