
दादा-दादी को आसमानी स्विमिंग पूल की सैर कराने ले गया पोता, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
बहुत सारे ट्रैवलर्स हैं, जो अपनी इच्छा पूरी करने के लिए अनोखी लोकेशंस पर जाते हैं। लेकिन हरियाणा के एक शख्स ने अपने दादा-दादी को एक ऐसी जगह की सैर कराई है, जहां जाना हर किसी का सपना होता है।
बहुत सारे ट्रैवलर्स हैं, जो अपनी इच्छा पूरी करने के लिए अनोखी लोकेशंस पर जाते हैं। लेकिन हरियाणा के एक शख्स ने अपने दादा-दादी को एक ऐसी जगह की सैर कराई है, जहां जाना हर किसी का सपना होता है। यह शख्स हैं हरियाणा के कंटेंट क्रिएटर अंकित राणा। अंकित राणा अपने दादा-दादी को लेकर पहुंचे दुबई स्थित इनफिनिटी पूल्स में। ये पूल्स बहुत ही ज्यादा ऊंचाई पर स्थित हैं। यहां से शहर का अनोखा नजारा दिखाई देता है। इसके अलावा बुर्ज खलीफा, पॉम जुमेराह, अरेबियन गल्फ, बुर्ज अल अरब जैसी जगहें भी यहां से दिखाई देती हैं।
दिखाते हैं देसी अंदाज
अंकित राणा अक्सर अपने वीडियो में देसी अंदाज को दिखाते हैं। इसमें उनका गांव की जीवनशैली और पारिवारिक माहौल भी दिखता है। लेकिन जब वो अपने दादा-दादी को लेकर इनफिनिटी पूल्स में पहुंचे हैं तो इसने लोगों का दिल ही जीत लिया। यह उनके दादा-दादी की पहली इंटरनेशनल ट्रिप भी थी। अपने वीडियो में उन्होंने दादा-दादी की पहली उड़ान का अनुभव भी साझा किया है। उनके वीडियो को देखकर लोग खूब तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अंकित ने दिखा दिया कि संस्कार क्या होते हैं।
दादी बोलीं-मजा आ गया
अपने एक वीडियो में अंकित राणा उन पलों को रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं, जब उनके दादा-दादी पूल में नहा रहे हैं। इस दौरान वह लोग खूब आनंद उठा रहे हैं। अंकित ने इसे कुछ इस तरह से शेयर किया है, ‘तो भाई लोग, अभी हम अपने बड़े दादा और दादी जी को लेकर आ गए हैं दुबई में।’ यहां पर दोनों खूब एंजॉय कर रहे हैं। इस दौरान जब अंकित अपनी दादी से पूछते हैं कि मजा आ रहा है? तब वह खूब खुशी में सिर हिलाती हैं। जब वह उनसे इस अनुभव के बारे में पूछते हैं, तो वह हरियाणवी में कहती हैं, ‘मणे तो मजा ही आ गया।’
सोशल मीडिया पर तारीफ
यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लोग अंकित की खूब तारीफ कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि भाई, हमें आप पर गर्व है। एक अन्य ने लिखा कि भाई आप शानदार काम कर रहे हैं। आज जबकि लोग अपने दादा-दादी को पूछते तक नहीं, आप उन्हें इस तरह से खुश रख रहे हैं। भगवान आपको खूब तरक्की दे। एक अन्य ने लिखा कि भगवान हर दादा-दादी को ऐसा ही पोता दे। वहीं, तमाम अन्य यूजर्स ने भी अंकित के लिए ऐसी ही बातें लिखी हैं। वैसे यह पहली बार नहीं है जब अंकित राणा ने अपने दादा-दादी की कोई इच्छा पूरी की है। इससे पहले नवंबर 2025 में उन्होंने अपने दादा जी को 15 हजार फीट की ऊंचाई से स्काईडाइविंग कराई थी।

लेखक के बारे में
Deepak Mishraलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




