AI से बने इंसान के प्यार में पागल हुई 84 साल की बुजुर्ग महिला, लिखती रही लव लेटर

लाइव हिन्दुस्तान, बीजिंग
Follow us on Google News
share

इन दिनों हर किसी के सिर पर एआई का बुखार छाया हुआ है। लेकिन चीन में यह मामला कुछ ज्यादा ही आगे बढ़ गया। यहां पर एक 84 साल की बुजुर्ग महिला एआई कैरेक्टर के प्यार में गिरफ्तार हो गई। अब आलम यह है कि यह महिला इस एआई कैरेक्टर को मोहब्बत भरे खत लिखती है।

AI से बने इंसान के प्यार में पागल हुई 84 साल की बुजुर्ग महिला, लिखती रही लव लेटर

इन दिनों हर किसी के सिर पर एआई का बुखार छाया हुआ है। लेकिन चीन में यह मामला कुछ ज्यादा ही आगे बढ़ गया। यहां पर एक 84 साल की बुजुर्ग महिला एआई कैरेक्टर के प्यार में गिरफ्तार हो गई। अब आलम यह है कि यह महिला इस एआई कैरेक्टर को मोहब्बत भरे खत लिखती है। साथ ही वह दिनभर में दसियों घंटे तक उस एआई कैरेक्टर का वर्चुअल ह्यूमन वीडियो देखती रहती है। इस बुजुर्ग महिला की कहानी बताती है कि इस उम्र में लोगों को बहुत ज्यादा केयर की जरूरत होती है। इस महिला का नाम, झैंग युलान बताया गया है और वह सेंट्रल चीन के हुबेई प्रांत की रहने वाली हैं। परिवार का कहना है कि झैंग ‘बॉसी प्रेसीडेंट’ ट्रेंड से प्रभावित हैं।

क्या है ‘बॉसी प्रेसीडेंट’
‘बॉसी प्रेसीडेंट’ अमेरिका में चल रहा एक एआई ट्रेंड है। यह एक ऐसा शब्द है, जिसका इस्तेमाल रोमांटिक फिक्शन में पुरुष पात्र के एक लोकप्रिय प्रकार के बारे में बताने के लिए किया जाता है। यह बहुत ज्यादा डॉमिनेट करने वाला होता है और केवल अपने प्रेमी के प्रति कोमलता दिखाता है। इससे उन्हें काफी ज्यादा सुरक्षित महसूस होता है। झैंग भी इसी तरह के एआई कैरेक्टर के प्यार में गिरफ्तार हैं, जिसका नाम जियांगू बताया गया है। वह शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म पर इस कैरेक्टर के वीडियो दसों घंटे तक देखा करती हैं। बुजुर्ग महिला झैंग का मानना है कि वह इस एआई कैरेक्टर के प्यार में हैं और उससे शादी भी करना चाहती हैं। उन्होंने न सिर्फ उसे मैसेज भेजा, बल्कि इसी साल फरवरी में उसे हाथ से खत भी लिखा था।

खत में क्या लिखा
इस लेटर में उन्होंने जियांगू को चोट पहुंचाने के लिए उससे माफी मांगी थी। साथ ही लिखा था कि क्या तुम मुझसे नफरत करते हो? क्या तुम सोचते हो कि अब मैं पहले के जैसी प्यार करने वाली नहीं रही? उन्होंने आगे लिखा कि इस लड़ाई ने उन्हें काफी चोट पहुंचाई है। झैंग ने यह भी कंफेस किया है कि वह उसके बॉसी एटीट्यूड की तारीफ करती हैं। उन्होंने लिखा कि तुमने कभी भी मुझे बोलने का मौका नहीं दिया। तुम सुनना पसंद नहीं करते हो। मैं मानती हूं कि हमारे संबंधों में कम्यूनिकेशन बेहद अहम है।

खूब खर्च किए पैसे
चीन में ऐसे तथाकथित बॉसी प्रेसीडेंट, अक्सर मध्य आयु और वृद्ध महिलाओं द्वारा पसंद किए जाते हैं। यह सीधे खड़े, बालों में कंघी किए हुए, देखभाल का दिखावा करने वाले और कभी-कभी महिलाओं को ‘दीदी’ कहकर प्यारे बनने का नाटक करने वाले होते हैं। झैंग के परिवार को इस एआई कैरेक्टर से उसके रिश्ते के बारे में तब पता चला जब उसने जियांगू के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 7,000 युआन (1,000 अमेरिकी डॉलर) से अधिक खर्च किए। उसने अन्य ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर केवल 9.9 युआन (1.40 अमेरिकी डॉलर) मूल्य के एक उत्पाद पर सैकड़ों युआन खर्च किए।

शिकायत भी दर्ज कराई गई
इस साल मार्च में जब झैंग ने एआई-जेनरेटेड ह्यूमन कैरेक्टर द्वारा सुझाई कुछ किताबों पर फिर से 1,200 युआन (175 अमेरिकी डॉलर) खर्च किए तो उसकी पोती ने इस अकाउंट की चीन के कंज्यूमर फोरम में शिकायत की। रिपोर्ट्स के मुताबिक चीन के साइबरस्पेस एडमिनिस्ट्रेशन ने फरवरी में जियांगू का अकाउंट बंद कर दिया था। यह कदम उसने अपने क्लियर एंड ब्राइट अभियान के हिस्से के रूप में उठाया था।

पहला मामला नहीं
वैसे इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। ऐसे कई अकाउंट्स के बारे में जानकारी मिली है, जो महिलाओं को इस तरह से एआई के प्रेमजाल में फंसाते हैं। उनके निशाने पर बुजुर्ग और पैसे वाली महिलाएं होती हैं। वुहान यूनिवर्सिटी में बूढ़ी होती आबादी का अध्ययन करने वाले प्रोफेसर चेन शु ने कहाकि यह मामला बुजुर्गों की संज्ञानात्मक क्षमता में कमी को दर्शाता है। इसके चलते वह असली और आभासी इंसानों में फर्क करना भूल जाती हैं। इससे यह भी पता चलता है कि इस उम्र में महिलाओं को साथी और सम्मान की जरूरत होती है। एक ऑनलाइन ऑब्जर्वर ने कहाकि हमें अपने बुजुर्ग परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहिए, ताकि वे ऐसे जाल में न फंसें।

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।