15 मिलियन फॉलोअर्स वाला कुत्ता हुआ चोरी, किलो के भाव बिका और खा गए लोग; चोर बोले- लगा आवारा है
चीन में एक 15 मिलियन सोशल मीडिया फॉलोअर्स वाले कुत्ते को रेस्टोरेंट ने मारकर ग्राहकों को सर्व कर दिया। इसके बाद कुत्ते के मालिक ने पुलिस में इसकी शिकायत की, जिसके बाद चोरों का पता चला और फिर पूरे मामले का खुलासा हुआ।

चीन से एक अजीब मामला सामने आया है। यहां सोशल मीडिया पर फेमस एक कुत्ते को कुछ चोरों ने न सिर्फ चुरा लिया, बल्कि उसे किलो के भाव में बेच भी दिया। बाद में जब इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ तो चोरों ने बताया कि उन्हें लगा कि वह एक आवारा कुत्ता है, इसलिए उसे एक रेस्टोरेंट को बेच दिया था। रेस्टोरेंट में उसे मांस के रूप में लोगों को परोस दिया गया। बता दें, चुटौ नामक यह कुत्ता चीन के ट्रैवल इन्फ्लुएंसर गुओ का साथी था। वह लगातार चीन में घूमता रहता था। सोशल मीडिया साइट पर उसके अपने 15 मिलियन फॉलोअर्स थे।
साउथ चाइना मॉर्निग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में फेमस यह कुत्ता 11 मई के दिन लापता हो गया था। इस समय वह गुओ के माता-पिता के पास था। चुटौ के लापता होने के बाद उसके परिवार ने स्थानीय पुलिस से इसकी शिकायत की। इसके बाद हुई सीसीटीवी में सामने आया कि दो लोग चुटौ को ले जा रहे हैं। इसी दौरान विदेश यात्रा पर गए गुओ भी वापस लौट आए और उन्होंने चुटौ का पता लगाने वाले को 10 हजार युआन देने का वादा किया।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच पुलिस ने कथित चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्होंने बताया कि चुटौ को एक कुत्ता व्यापारी को 180 युआन में बेच दिया है। इसके बाद जब पुलिस उस व्यापारी के पास पहुंची तो उसने बताया कि उसने कुत्ता एक रेस्टोरेंट को बेच दिया है, जिसने उसे मारकर उसका मांस लोगों को खिला दिया है।
चोरों ने बताया कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि चुटौ इतना फेमस है। उसने उसे एक आवारा कुत्ता समझा, जो उसके बुलाने पर साथ चला आया। हालांकि, गुओ ने इस पर गुस्सा जताया है। उन्होंने कहा कि चुटौ के गले में ट्रैकर लगा हुआ था, लेकिन उसकी बैटरी खत्म हो गई थी।
एक फेमस इन्फलुएंसर के कुत्ते की इस तरह से मौत होने के बाद चीन में भारी विरोध शुरू हो गया है। लोगों से बातचीत करने के बाद गुओ ने चोरों और रेस्टोरेंट मालिकों सभी पर केस दर्ज करवा दिया है। हालांकि, चीन के नियमों के मुताबिक कुत्ते को नागरिक कानून के तहत व्यक्ति की संपत्ति ही माना जाता है। इसके अलावा इनकी रक्षा के लिए कोई राष्ट्रीय कानून नहीं है। ऐसे में चोरों के ऊपर ज्यादा कोई असर होने की संभावना नहीं है।
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


