सास को गला दबाकर ईंट से मारा, भागकर बचाई जान; CCTV में कैद बहू की बेरहमी
इटावा के कांधनी गांव में बहू द्वारा बुजुर्ग सास की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में बहू सास को गिराकर मारपीट और ईंट से हमला करती दिख रही है। बेटे की शिकायत पर मामला थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस कार्रवाई से पहले दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
इटावा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कांधनी गांव में एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला अपनी सास के साथ मारपीट करती दिखाई दे रही है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, कांधनी गांव निवासी टिंकू कश्यप अपनी बुजुर्ग मां शिशु देवी को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचे और अपनी पत्नी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी अक्सर उनकी मां के साथ मारपीट करती है। शिकायत के साथ उन्होंने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा, जो घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज बताया जा रहा है।
2.49 मिनट के वीडियो में सास को पीटती दिखी बहू
करीब दो मिनट 49 सेकेंड के इस वीडियो में बहू और सास के बीच विवाद और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला पहले बुजुर्ग सास को जमीन पर गिराती है, फिर उनके साथ हाथापाई करती नजर आती है। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसने बुजुर्ग महिला को घसीटा और घर के अलग-अलग हिस्सों में ले जाकर उनके साथ दुर्व्यवहार किया। वीडियो में एक ईंट से हमला करती दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। बताया गया कि घटना के समय घर में सास और बहू ही मौजूद थीं। किसी तरह बुजुर्ग महिला घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रही। पीड़िता के पति श्यामबाबू कश्यप ई-रिक्शा चालक हैं।
पुलिस थाने पहुंचा मामला
वीडियो सामने आने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में इसकी चर्चा होने लगी। मामला थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू करने की तैयारी की थी। हालांकि पुलिस कार्रवाई से पहले ही दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बाद मामला शांत हो गया।सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि एक युवक अपनी पत्नी द्वारा मां के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत लेकर आया था। मामले की जांच की जा रही थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में आपसी सहमति से समझौता हो गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
फिलहाल किसी पक्ष की ओर से आगे कोई कार्रवाई की मांग नहीं की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है और बुजुर्गों के प्रति बढ़ते दुर्व्यवहार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
लेखक के बारे में
sandeepलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


