कम सैलरी मिली तो भड़क गई महिला, अब रोज ऑफिस में लेती है 5 घंटे की झपकी
महिला ने विरोध का अनोखा तरीका निकाला। अब सोशल मीडिया पर कई लोग महिला के इस व्यवहार को गलत बता रहे हैं। लोगों का कहना है कि कोई भी बॉस ऐसे कर्मचारी को बर्दाश्त नहीं करेगा।

दफ्तर में काम के दौरान अक्सर कई लोगों के मन में यह ख्याल आता है कि वे जितना काम वह कर रहे हैं, उसके मुताबिक सैलरी नहीं मिल रही। कई बार एम्प्लॉई अपनी कंपनी से इसे लेकर नाराजगी भी जताते हैं। लेकिन हाल ही में चीन की एक महिला ने इससे नाराज होकर ऐसा कदम उठाया जिससे पूरी कंपनी परेशान हो गई है। दरअसल इस महिला ने कम सैलरी से नाराज होकर ऑफिस में हर रोज 5 घंटे की झपकी लेने का फैसला किया है।
महिला की कहानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने एक भावुक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उसने बताया कि उसके बॉस ने उसे ऑफिस में सोने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी है।
महिला का क्या तर्क?
जानकारी के मुताबिक महिला चीन के हेनान प्रांत के शांगक्यू शहर की एक कंपनी में काम करती है। उसने वीडियो में कहा कि वह अपनी कम सैलरी से खुश नहीं थी, इसलिए उसने उसी हिसाब से काम करने का फैसला किया और ऑफिस में झपकी लेने लगी। उसने तर्क दिया, “मैं नौकरी नहीं छोड़ूंगी, मैं उतना ही काम करूंगी जितना पैसा मिलता है।” महिला ने वीडियो में उन लोगों को भी जवाब दिया, जो उसकी आलोचना कर रहे थे। उसने कहा कि कम सैलरी पाने वाले लोगों की स्थिति को लोग समझ नहीं पाते हैं।
बॉस की चॉकलेट भी खा गई महिला
इस मामले में नया मोड़ तब आया, जब बॉस को पता चला कि महिला ने उसकी टेबल से चॉकलेट भी खा ली थी। रिपोर्ट के मुताबिक, बॉस को ग्लूकोपेनिया की समस्या है, जिसमें खून में शुगर का स्तर बहुत कम हो जाता है। चॉकलेट न मिलने की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे ऑफिस में लगभग बेहोश हो गए। महिला ने वीडियो में बताया कि बॉस इस बात से बहुत गुस्सा हो गए और उन्होंने आरोप लगाया कि उसने जानबूझकर ऐसा किया। इसके बाद उसे चेतावनी दी गई और नौकरी से निकालने की बात कही गई।
क्या कह रहे लोग?
इस घटना के बाद इंटरनेट पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई लोगों ने महिला के इस व्यवहार को गलत बताया और कहा कि कोई भी बॉस ऐसे कर्मचारी को बर्दाश्त नहीं करेगा। वहीं कुछ लोगों ने इसे ‘क्वाइट क्विटिंग’ से जोड़ा, जिसमें कर्मचारी नौकरी नहीं छोड़ते, लेकिन ज्यादा जिम्मेदारी नहीं लेते।
लेखक के बारे में
Jagriti Kumariजागृति को छोटी उम्र से ही खबरों की दुनिया ने इतना रोमांचित किया कि पत्रकारिता को ही करियर बना लिया। 2 साल पहले लाइव हिन्दुस्तान के साथ करियर की शुरुआत हुई। उससे पहले डिग्री-डिप्लोमा सब जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में। भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और संत जेवियर्स कॉलेज रांची से स्नातक के बाद से खबरें लिखने का सिलसिला जारी। खबरों को इस तरह से बताना जैसे कोई बेहद दिलचस्प किस्सा, जागृति की खासियत है। अंतर्राष्ट्रीय संबंध और अर्थव्यवस्था की खबरों में गहरी रुचि। लाइव हिन्दुस्तान में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शानदार कवरेज के लिए इंस्टा अवॉर्ड जीता और अब बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर रोजाना कुछ नया सीखने की ललक के साथ आगे बढ़ रही हैं। इसके अलावा सिनेमा को समझने की जिज्ञासा है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


