भारत की आबादी हर पल बढ़ते देख लोग हैरान, इंटरनेट पर मचा बवाल, पूछा- डेटा आता कहां से है?

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली एम्स में लगा एक डिजिटल बोर्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। स्क्रीन पर भारत की जनसंख्या हर कुछ सेकंड में बढ़ती दिख रही है। 4 सितंबर को दोपहर करीब चार बजे यह आंकड़ा 1,47,92,39,016 तक पहुंच गया। लोग पूछ रहे हैं कि क्या देश में हर जन्म का लाइव हिसाब रखा जा रहा है?

AIIMS Delhi
हर सेकंड बदल रही भारत की आबादी

दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में लगे एक बिलबोर्ड ने सोशल मीडिया पर खासा चर्चा पैदा कर दी है। इस डिस्प्ले पर भारत की अनुमानित जनसंख्या लगातार बदलते आंकड़ों के साथ दिखाई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में 4 सितंबर 2026 को दोपहर 3:59 बजे देश की आबादी 1,47,92,39,016 दर्ज की गई। इस आंकड़े को देखकर कई यूजर्स हैरान रह गए। और पूछने लगे कि आखिय डेटा कहां से आ रहा है।

दूसरी ओर एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह आंकड़ा वास्तविक समय में हर व्यक्ति की निगरानी पर आधारित नहीं है। यह जन्म, मृत्यु और जनसांख्यिकीय रुझानों के आधार पर तैयार किया गया अनुमान है। फिर भी इस 'लाइव' काउंटर को देखकर लोग पूछ रहे हैं कि आखिर यह संख्या कैसे अपडेट होती है। एक यूजर ने लिखा कि यह तो यूट्यूब सब्सक्राइबर काउंटर जैसा लग रहा है। स्क्रॉल होते नंबरों के पीछे ट्रैकिंग का क्या मैकेनिज्म है?

बता दें कि बिलबोर्ड पर सिर्फ जनसंख्या ही नहीं, गरीबी, बलात्कार के मामले और वायु प्रदूषण जैसे मुद्दों से जुड़े आंकड़े भी दिखाए गए हैं। वायरल पोस्ट में गरीबी दर 2.3 प्रतिशत से 5.3 प्रतिशत तक बताई गई है, जिससे इन चुनौतियों पर भी ध्यान गया है। सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं मिली-जुली हैं। कुछ यूजर्स लगातार बढ़ती आबादी को चिंताजनक बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि युवा और बड़ी आबादी सही संसाधन, रोजगार और बुनियादी ढांचे के साथ आर्थिक अवसर भी बन सकती है।

वहीं कुछ लोगों ने अनुमान की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। एक यूजर ने पूछा कि ग्रामीण भारत में ज्यादातर प्रसव अभी भी दाइयों या परिवार के सदस्यों द्वारा कराए जाते हैं। वहां से जन्म का डेटा तुरंत कैसे आ रहा है? एक अन्य यूजर ने क्षेत्रीय अंतर का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर भारत की आबादी बढ़ रही है, जबकि दक्षिण भारत में यह प्रतिस्थापन दर से नीचे जा रही है। तीसरे यूजर ने लिखा कि जनसंख्या काउंटर को लाइव चलते देखना डरावना लगता है। आप खड़े रहते हैं और संख्या बढ़ती जाती है, आप कुछ नहीं कर सकते।

बता दें कि जनसंख्या क्लॉक दुनिया के कई देशों में आम हैं। संयुक्त राष्ट्र और कई राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ऐसे काउंटर चलाते हैं। उनका मकसद सटीक लाइव गिनती देना नहीं, बल्कि पैमाने का अहसास कराना होता है। भारत 2023 में चीन को पीछे छोड़ दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन चुका है। अनुमानित आबादी अब 148 करोड़ के आसपास बताई जा रही है।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsवायरल न्यूज़ भारत की आबादी हर पल बढ़ते देख लोग हैरान, पूछा- डेटा आता कहां से है?