
पछुवादून में विश्वकर्मा दिवस पर मशीनों की पूजा
-सरकारी दफ्तरों, औद्योगिक इकाइयों समेत प्रशिक्षण केंद्रों में मशीनो और उपकरणो की पूजा की गई
विकासनगर, संवाददाता। पछुवादून में बुधवार को जगह-जगह देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की पूजा की गई। कई संस्थानो में विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर औजारों और उपकरणों, मशीनों की पूजा की गई। राजमिस्त्रियों ने भी भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर अपने औजारों को पूजा। जल संस्थान, सिंचाई विभाग, जल विद्युत निगम, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में हवन किया गया। विकासनगर शहर में सीवर लाइन और पेयजल लाइन बिछाने वाली कार्यदाई संस्था ने शांतिधाम के पास बन रहे एसटीपी प्लांट परिसर में हवन कर मशीनों की पूजा करने के बाद सभी ने मिलकर प्रसाद एवं भंडारे का आनंद लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने विश्वकर्मा भगवान के आशीर्वाद से परियोजना कार्यों की सफल एवं सुरक्षित प्रगति की कामना की और श्रमिकों की मेहनत व समर्पण को सराहा।
जल संस्थान कार्यालय में कर्मचारियों ने मशीनो, उपकरणो के साथ ही नलकूपों की पूजा की। सिंचाई विभाग, यूपीसीएल, लोक निर्माण विभाग के कार्यालयों में भी भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर हवन किया गया। ---- आईटीआई में हवन किया गया विश्वकर्मा जयंती पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान विकासनगर, कालसी, ग्वांसा पुल में हवन किया गया। संस्थान के अनुदेशकों और प्रशिक्षण ले रहे युवाओं ने उपकरणो की पूजा अर्चना कर देव शिल्पी से बेहतर भविष्य व उपकरणो के बेहतर उपयोग की मन्नत मांगी। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बाबूगढ़, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज नई यमुना कॉलोनी समेत कई कोचिंग संस्थानो में हवन किया गया। ------- यूजेवीएनएल ने डाकपत्थर बैराज पर किया हवन उत्तराखंड जल विद्युत निगम ने पछुवादून के सभी छह पावर हाउस में मशीनो की पूजा की। कर्मचारियों, अधिकारियों ने निर्बाध बिजली उत्पादन की मन्नत मांगी। इसके बाद डाकपत्थर बैराज पर हवन किया गया, जिसमें सभी पावर हाउस के कर्मचारियों और अधिकारियों ने भाग लिया। अनुष्ठान संपन्न होने के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। ---- औद्योगिक इकाइयों में मशीनो की पूजा हुई सेलाकुई-लांघा रोड स्थित औद्योगिक इकाइयों में बुधवार सुबह से ही विश्वकर्मा जयंती की धूम रही। फैक्ट्रियों के प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और श्रमिकों ने हवन पूजन किया। इंडस्ट्रियल वेलफियर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील उनियाल ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों में विश्वकर्मा पूजा का पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस दिन भगवान विश्वकर्मा की आराधना की जाती है, जिन्हें सृष्टि के शिल्पकार और देवताओं के इंजीनियर के रूप में पूजा जाता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




