दिनकर विहार में सोमवार शाम से पेयजल आपूर्ति ठप
दिनकर विहार कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे पांच हजार की आबादी को पानी संकट का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी में कोई हैंडपंप नहीं है और लोग पानी के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बाधित हुई है।

दिनकर विहार कॉलोनी में सोमवार शाम करीब पांच बजे से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से पांच हजार की आबादी के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार देर शाम तक भी कॉलोनी के अधिकांश घरों में नलों से एक बूंद पानी नहीं टपका, जिससे लोगों को पीने और दैनिक उपयोग के लिए पानी की व्यवस्था करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि पानी की सप्लाई बंद होने के कारण घरों में रखे टैंक और भंडारित पानी भी समाप्त हो चुका है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी राकेश बेलवाल, उषा, गीता, किरन बेलवाल, ललिता चौहान, केशर सिंह, भाग सिंह, पूनम तोमर, नीलिमा बिष्ट ने बताया कि कॉलोनी में कोई हैंडपंप भी उपलब्ध नहीं है, जिससे वैकल्पिक रूप से पीने के पानी की व्यवस्था की जा सके। ऐसे में लोगों को पानी के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख करना पड़ रहा है या फिर बाजार से पानी खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है。
सड़क पर गड्ढे और मिट्टी
इन दिनों कालोनी में सीवर लाइन के बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और मिट्टी के ढेर पड़े हुए हैं। इन हालात में पानी के टैंकर भी कॉलोनी की संकरी गलियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिसके चलते टैंकरों से भी पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। स्थानीय निवासियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की आपूर्ति बाधित होने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। घरों में पीने, खाना बनाने, सफाई और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं है। दोपहर तक लोगों छतों में रखी टंकियों के पानी का उपयोग किया लेकिन दोपहर बाद टंकियां भी खाली हो गई। कई लोग पीने के पानी के लिए बादामावाला रोड स्थित ओवर हेड टैंक से जुड़े क्षेत्रों के चक्कर काटते रहे।
तकनीकी खराबी
कोट
दिनकर विहार को पेयजल आपूर्ति करने वाले नलकूप के बिजली मीटर में तकनीकी खराबी आने से आपूर्ति बाधित हुई है। मीटर को बदला जा रहा है। मंगलवार देर शाम तक पूरे क्षेत्र में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
- आलेंद्र कुमाईं, अवर अभियंता
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


