बरोटीवाला में नहीं लगेगा खनन कंपनी का नाका, धरना समाप्त
विकासनगर के बरोटीवाला में खनन कंपनी द्वारा लगाए जा रहे टोल और हॉटमिक्स प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों का धरना समाप्त हो गया। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने आश्वासन दिया कि अब टोल नहीं लगेगा और हॉटमिक्स प्लांट की जांच के निर्देश दिए गए। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म किया।
विकासनगर, कार्यालय संवाददाता। विकासनगर के बरोटीवाला में खनन कंपनी की ओर से लगाए जा रहे टोल और हॉटमिक्स प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों की ओर से तहसील में दिया जा रहा धरना समाप्त हो गया। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि अब खनन कंपनी बरोटीवाला में टोल नहीं लगाएगी। उन्होंने कहा कि हॉटमिक्स प्लांट के संबंध में एसडीएम को जांच के निर्देश देकर कार्रवाई के लिए कहा गया है। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। उल्लेखनीय है कि बटोरीवाला में खनन विभाग की ओर से टोल बनाया गया है। यहां पर खनन वाहनों को रोका जाता है।
यहां से दिन-रात खनन के वाहन चलते रहते हैं। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारी वाहन चलने के कारण पेयजल लाइनें और सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है। दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। साथ ही बरोटीवाला में हॉटमिक्स प्लांट भी लगाया गया है। इससे भी वहां के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार मांग के बाद भी जब दोनों नहीं हटे तो जिला पंचायत सदस्य जस्सोवाला सुमित नेगी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने तहसील में धरना आरंभ किया। उन्होंने शुक्रवार से भूख हड़ताल की चेतावनी दी थी। गुरुवार को विधायक मुन्ना सिंह चौहान धरनास्थल पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि अब बरोटीवाला में खनन विभाग का टोल नाका नहीं लगेगा। कहा कि हॉटमिक्स प्लांट की जांच के लिए एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं। विधायक के आश्वासन के बाद क्रमिक अनशन और धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी। इस दौरान सुमित नेगी और राहुल सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




