Vikasnagar News: चालान का संदेश भेजकर युवक के खाते से उड़ाए 1.87 लाख रुपये
Vikasnagar News: विकासनगर के आकाश कुमार के बैंक खाते से चालान संबंधी फर्जी संदेश के जरिए 1.87 लाख रुपये निकाल लिए गए। संदेश खोलने पर उनके मोबाइल में अनजान ऐप डाउनलोड हुआ और फोन हैक हो गया। ठगों ने गूगल पे से दो बार 93,500 रुपये निकाले। आकाश ने साइबर हेल्पलाइन और पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Vikasnagar News: चालान कटने का झांसा देकर साइबर ठगों ने विकासनगर निवासी एक युवक के बैंक खाते से 1.87 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में वार्ड नंबर सात, मंडी चौक बाबूगढ़, विकासनगर निवासी आकाश कुमार ने बताया कि नौ अक्टूबर की रात करीब नौ बजे उनके पिता के मोबाइल फोन पर चालान से संबंधित एक संदेश आया था। उनके पिता ने संदेश की जांच करने के लिए उसे आकाश के मोबाइल पर भेज दिया। आकाश ने जब अपने मोबाइल पर संदेश खोलकर देखा तो फोन में एक अनजान अनुप्रयोग डाउनलोड हो गया।
इसके बाद उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। आरोप है कि साइबर ठगों ने गूगल पे के माध्यम से उनके खाते से दो बार में 93500-93500 रुपये निकाल लिए। इस तरह खाते से कुल 1.87 लाख रुपये की निकासी हो गई। पीड़ित का खाता विकासनगर स्थित केनरा बैंक में है। आकाश कुमार ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद कोतवाली विकासनगर में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।


