सभी शिक्षकों को जीपीएफ पास बुक दिखाई जाए
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की त्रैमासिक बैठक बीआरसी ब्लॉक संसाधन केंद्र सेलाकुई में संपन्न हुई। बैठक में अध्यापकों के अवकाश, जीपीएफ पासबुक, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण, और मिड डे मील व्यवस्था में विसंगतियों पर चर्चा की गई। संघ के अध्यक्ष ने आवश्यक सूचनाओं के संकलन का निर्देश दिया।
उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को बीआरसी ब्लॉक संसाधन केंद्र सेलाकुई में संपन्न हुई। बैठक में पिछली बैठक के बिंदुओं की समीक्षा करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। सर्व सहमति से प्रस्ताव पारित किया गया कि एकल विद्यालयों में कार्यरत अध्यापकों के अवकाश की स्थिति में नवनियुक्त सीआरपी स्वयं व्यवस्था के तहत विद्यालय संचालन हेतु जाएंगे। इसके अतिरिक्त सभी शिक्षकों को जीपीएफ पासबुक दिखाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में अंतर्जनपदीय स्थानांतरण से आए शिक्षकों की तैनाती में हुई त्रुटियों के संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी को अवगत कराया गया। साथ ही एमडीएम (मिड डे मील) व्यवस्था में पाई जा रही विभिन्न विसंगतियों की सूचना भी संगठन द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई।
संघ के अध्यक्ष अरविंद सिंह सैनी ने कहा कि सीआरपी, बीआरपी द्वारा सभी आवश्यक सूचनाएं विद्यालयों में जाकर खुद एकत्र करनी होगी, जिससे कि शिक्षकों को इस कार्य से मुक्त रखा जा सके। संकलित सूचनाओं को सीआरसी अथवा न्याय पंचायत स्तर पर संकलित किया जाए, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित सीआरपी की होगी। यदि किसी सूचना की हार्ड कॉपी आवश्यक हो, तो सीआरपी स्वयं विद्यालय से प्राप्त करें। इस दौरान प्रमोद रावत, रविंद्र मोहन पांडेय, मृदुल सिंह, एनडी जोशी, सिद्धेश बधाणी, मनीषा ममगाईं, शोभा यादव, विदेशी शर्मा, नीलम बिष्ट, सरिता असवाल, लीलावती सेमवाल, स्नेह लता, कादंबरी डबराल, महबूब आलम, शकील अहमद, मो. सलमान, अजयपाल आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




