साहिया में आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे पर्यटक और स्थानीय लोग
चकराता में साहिया बाजार में बुधवार को वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से भीषण जाम लगा। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आधे घंटे से ज्यादा समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से उचित पार्किंग व्यवस्था करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जितेंद्र पंवार प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चकराता को जोड़ने वाले मुख्य मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह साहिया बाजार में वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। सड़क पर वाहनों के आड़े-तिरछे खड़े होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे पर्यटक और स्थानीय लोग आधे घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहे।
जाम की स्थिति
इन दिनों चकराता क्षेत्र में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से मुख्य बाजार में पहले से ही स्थान की कमी बनी हुई है। ऐसे में वाहन चालकों द्वारा सड़क के बीचों-बीच गाड़ियां खड़ी कर देने से समस्या और गंभीर हो गई। जाम के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और पैदल चलने वाले लोगों को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों अमर सिंह चौहान, राजेन्द्र राय, रघुवीर चौहान, सरदार सिंह तोमर, केशर सिंह, सूरत सिंह और चमन सिंह ने इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि साहिया मुख्य बाजार और साहिया-क्वानू मोटर मार्ग पर गलत तरीके से वाहन खड़े करना अब रोज की समस्या बन चुकी है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बाजार क्षेत्र में वाहनों के लिए उचित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पर्यटन काल में हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। उधर,इस संबंध में चौकी इंचार्ज साहिया नीरज कठैत ने कहा कि सड़क पर आढ़े तिरछे वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। चालान के साथ ही वाहनों को सीज किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह वाहनों को ठीक तरह से पार्क करें।


