Vikasnagar News: तेल फैक्ट्री में चोरी, डीवीआर-कैमरे और तेल के कनस्तर-बोतलें ले गए चोर
Vikasnagar News: पृथ्वीपुर के पोषक ऑयल मिल में चोरों ने कार्यालय से डीवीआर, सीसीटीवी कैमरे, एलसीडी और तेल के कनस्तर चुरा लिए। फैक्ट्री संचालक ने 15 अगस्त को चोरी की जानकारी पाई। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की है। चोरों का पता लगाने के लिए आसपास के कैमरे की फुटेज देखी जा रही है।

Vikasnagar News: पृथ्वीपुर स्थित पोषक ऑयल मिल में चोरों ने फैक्ट्री को निशाना बनाकर कार्यालय में लगे डीवीआर, सीसीटीवी कैमरे और एलसीडी समेत तेल के कनस्तर और बोतलें चोरी कर लीं। फैक्ट्री संचालक को घटना की जानकारी 15 अगस्त की सुबह फैक्ट्री पहुंचने पर हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पृथ्वीपुर निवासी फैक्ट्री संचालक सुधीर पुंडीर ने पुलिस को बताया कि वह 15 अगस्त की सुबह फैक्ट्री पहुंचे थे। कार्यालय में जाने पर वहां लगे डीवीआर, सीसीटीवी कैमरे और एलसीडी गायब मिले। इसके बाद उन्होंने फैक्ट्री परिसर में जांच की तो तेल के कनस्तर और बोतलें भी गायब मिलीं।
उन्होंने बताया कि चोरी हुए कनस्तरों और बोतलों की सही संख्या का पता फैक्ट्री में रखे सामान की पूरी जांच के बाद ही चल सकेगा। चोर फैक्ट्री में घुसकर निगरानी उपकरणों के साथ तेल से संबंधित सामान भी ले गए। डीवीआर और सीसीटीवी कैमरे चोरी होने से पुलिस को घटना से जुड़े फुटेज नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज के जरिए चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही फैक्ट्री से चोरी हुए सामान की वास्तविक मात्रा और कीमत का भी आकलन किया जा रहा है।


