Vikasnagar News: स्वारना नदी किनारे सुरक्षा को लगाया तार जाल
Vikasnagar News: स्वारना नदी के तेज बहाव के कारण शिवनगर बस्ती पर खतरा मंडरा रहा है। नगर पंचायत ने नदी के कटाव को रोकने और बस्ती की सुरक्षा के लिए तार जाल लगाए और जेसीबी की मदद से नदी के बहाव का रुख मोड़ने का काम शुरू कर दिया है। हालांकि, पानी का रुख फिर से बस्ती की दिशा में होने लगा है।

Vikasnagar News: स्वारना नदी के तेज बहाव से शिवनगर बस्ती पर मंडरा रहे खतरे के बीच नगर पंचायत ने सुरक्षा के इंतजाम तेज कर दिए हैं। नदी के कटाव को रोकने और पानी को बस्ती की ओर आने से बचाने के लिए नदी किनारे तार जाल लगाए जा रहे हैं। साथ ही जेसीबी की मदद से नदी के बहाव का रुख दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास लगातार जारी है। बीती 30 अगस्त को स्वारना नदी के उफनते पानी ने शिवनगर बस्ती में भारी नुकसान पहुंचाया था। तेज बहाव की चपेट में आने से दो मकानों का अगला हिस्सा बह गया था। इसके बाद से क्षेत्र में नदी के कटाव और बस्ती को संभावित नुकसान को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित चौधरी ने बताया कि मंगलवार को जेसीबी की मदद से नदी के पानी का रुख बस्ती से दूसरी ओर मोड़ने का प्रयास किया गया था। हालांकि रात के समय पानी ने दोबारा बस्ती की दिशा में रुख करना शुरू कर दिया। इसके बाद बुधवार को फिर से जेसीबी लगाकर नदी के बहाव को मोड़ने का काम शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि नदी किनारे तार जाल भी लगाए जा रहे हैं, ताकि तेज बहाव के कारण होने वाले कटाव को रोका जा सके और शिवनगर बस्ती को सुरक्षित रखा जा सके। नगर पंचायत की टीम लगातार नदी के जलस्तर और बस्ती की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


