
बीईओ ऑफिस का आधार सेंटर निजी स्कूल में शिफ्ट किया
शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं को आधार कार्ड बनवाने में परेशानी हो रही है। खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय का आधार सेंटर बिना सूचना के एक निजी शिक्षण संस्थान में स्थानांतरित कर दिया गया है, जिससे आम लोग भी प्रभावित हुए हैं। अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने निजी संस्थान की सहूलियत के लिए यह कदम उठाया है।
शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को आधार कार्ड बनावाने और अपडेट कराने के लिए खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में खोले गए आधार सेंटर को बिना किसी पूर्व सूचना के शहर के एक निजी शिक्षण संस्थान में स्थानांतरित कर दिया गया है। जहां आमजन को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। बीईओ कार्यालय में आधार सेंटर बंद होने से सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के साथ ही आम लोग भी आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने के लिए भटक रहे हैं। अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि शिक्षा विभाग के ब्लॉक मुख्यालय में बैठे अधिकारियों ने निजी शिक्षण संस्थान की सहूलियत के लिए आधार सेंटर को स्थानांतरित किया है।

पछुवादून में आधार सेंटर पर्याप्त संख्या में नहीं होने के कारण लोगों को अपना आधार कार्ड बनाने और अपडेट कराने के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। विकासनगर ब्लॉक के बाल विकास कार्यालय में आधार सेंटर खोला गया है, जिसमें आधार अपडेट कराने के लिए एक टोकन सिस्टम लागू किया है, जिसके चलते लोगों को करीब दो सप्ताह तक इंतजार करना पड़ता है। इससे सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं को हो रही है। छात्रों की परेशानी को देखते हुए स्कूल शिक्षा के तहत प्रत्येक खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में आधार सेंटर की सुविधा मुहैया कराई गई। विकासनगर ब्लॉक के खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में सितंबर माह में खोले गए आधार सेंटर को अधिकारियों ने बिना पूर्व सूचना के हरबर्टपुर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में स्थानांतरित कर दिया गया है। रूरल एजुकेशन एंड सोशल वेलफेयर सोसायटी के उपाध्यक्ष फतेह आलिम, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेणू खान, नगर पालिका सभासद धर्मेंद्र ठाकुर, लवलेश शर्मा ने कहा कि ब्लॉक के शिक्षाधिकारियों ने निजी शिक्षण संस्थान की सहूलियत के लिए आधार सेंटर को स्थानांतिरित कर दिया है, जबकि हरबर्टपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में पहले से ही आधार सेंटर चल रहा है। अब विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों के बच्चे आधार अपडेट कराने के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द आधार सेंटर को बीईओ कार्यालय में नहीं खोला गया तो शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उधर, जिला शिक्षाधिकारी प्रेम लाल ने कहा कि बीईओ कार्यालय से हटाए गए आधार सेंटर को फिर से शुरू करने के निर्देश खंड शिक्षाधिकारी को दिए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




