Vikasnagar News: सड़कों की बेरुखी से हलकान जनजीवन, सहिया क्षेत्र में चार मार्ग बंद
Vikasnagar News: क्षेत्र में निरंतर बंद हो रही सड़कों से ग्रामीण, किसान और स्कूली बच्चे परेशान हैं। किसानों की नकदी फसलें मंडियों तक नहीं पहुंच रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। स्थानीय निवासियों का आक्रोश बढ़ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बारिश की वजह से सड़कें फिर से बंद हो रही हैं।

Vikasnagar News: क्षेत्र में लगातार बंद हो रही सड़कों से ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है। सोमवार को भी इलाके की चार प्रमुख सड़कें बंद रहने से ग्रामीणों, किसानों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसान अपनी तैयार नकदी फसलों को मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं, वहीं संबंधित विभाग की सुस्ती से लोगों में आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बीते एक महीने से क्षेत्र में लगभग हर रोज सड़कें बंद हो रही हैं। सोमवार को पीएमजीएसवाई कालसी के तहत आने वाले कोठा बैंड-सैंज-चंदोऊ मोटर मार्ग, कठगां-सोलग-झिटाड़ मोटर मार्ग, कोटि-डिमऊ मार्ग और लाखामंडल-नाडा मोटर मार्ग पूरी तरह बंद रहे।सड़कें
बंद होने से सबसे अधिक परेशानी किसानों को हो रही है। नकदी फसलें, जैसे टमाटर, हरा धनिया और हरी सब्जियां, समय पर मंडियों तक नहीं पहुंचने के कारण सड़ने की कगार पर हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। वहीं, दूरदराज के गांवों से स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राएं भी रास्ते में फंसे रहे या उन्हें वापस घर लौटना पड़ा।उधर, ईई लोनिवि साहिया अनुज भारद्वाज ने बताया कि सड़कों को खोलने का काम लगातार जारी है। बारिश के कारण दोबारा सड़कों पर मलबा आ रहा है।


