
विकासनगर में बिजली गुल होने से करीब 35 हजार की आबादी प्रभावित
विकासनगर में गुरुवार को बिजली लाइनों की मरम्मत के कारण 35 हजार लोग प्रभावित हुए। सुबह 10 बजे से बिजली गुल होने के कारण पानी की आपूर्ति भी ठप रही। शाम 5 बजे बिजली बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। मरम्मत कार्य 13 दिसंबर तक जारी रहेगा, जिससे लोगों को और परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
बिजली लाइनों की मरम्मत के कारण विकासनगर में गुरुवार को करीब 35 हजार की आबादी प्रभावित रही। सुबह दस बजे बिजली गुल होने से लोगों को पानी की आपूर्ति न होने के साथ अन्य परेशानियों से जूझना पड़ा। शाम को पांच बजे आपूर्ति सुचारु होने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। विकासनगर क्षेत्र में वर्तमान में ऊर्जा निगम विद्युत फीडरों में लाइनों की मरम्मत का कार्य कर रहा है। 11 केवी फीडरों में बेयर कंडक्टर को एएएसी (ऑल एल्युमीनियम अलॉय कंडक्टर) में बदलने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए ऊर्जा निगम द्वारा अलग-अलग दिन विभिन्न क्षेत्रों में बिजली कटौती की जा रही है।
इससे लोग परेशान हैं। सर्दी शुरू होते ही ऊर्जा निगम की ओर से मरम्मत कार्य किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि मार्च, अप्रैल में मरम्मत का कार्य हो जाना चाहिए, लेकिन ऊर्जा निगम को सर्दी और गर्मी शुरू होने पर ही मरम्मत की याद आती है। गुरुवार को एनफील्ड फीडर में मरम्मत का काम किया गया। इस कारण विकासनगर के दिनकर विहार के साथ बुलाकीवाला, कोठियाल रोड, भोजावाला, बदामावाला, पश्चिमीवाला आदि क्षेत्रों में सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक बिजली गुल रही। बिजली गुल रहने से ग्रामीण क्षेत्रों में शाम को पेयजल आपूर्ति भी ठप रही। दोपहर के बाद बुजुर्गों, बच्चों को ठंड के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि फीडरों में काम होने के बाद बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई थी। पहले ही बिजली कटौती की सूचना उपभोक्ताओं को दे दी गई थी ताकि वे वैकल्पिक इंतजाम कर सकें। उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े। ---------------- कुछ और दिन झेलनी पड़ेगी दिक्कत फीडरों में मरम्मत का काम होने के कारण विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को अलग-अलग दिन 13 दिसंबर तक परेशानी झेलनी पड़ेगी। शुक्रवार को लाइन जीवनगढ़, मेहूंवाला खालसा, तेलपुर, अंबाड़ी, डॉक्टरगंज, शिवपुरी, जमुना खादर, बाड़वाला, राजावाला, कटापत्थर, तौली भूड़, मदर्सू, मटोगी में आपूर्ति ठप रहेगी। उसके बाद कटापत्थर, डाकपत्थर, टाउन फीडर, नगर पालिका फीडर में मरम्मत कार्य कराया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




