ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड विकासनगर हर वर्ग के उत्थान को लेकर किया जा रहा कार्य: उनियाल

हर वर्ग के उत्थान को लेकर किया जा रहा कार्य: उनियाल

ग्रामीण क्षेत्रों के दूरस्थ इलाकों तक विकास करने के लिए प्रदेश सरकार संकल्पित है। हर वर्ग के उत्थान को लेकर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश की कमान...

 हर वर्ग के उत्थान को लेकर किया जा रहा कार्य: उनियाल
हिन्दुस्तान टीम,रुद्रप्रयागTue, 16 Nov 2021 05:20 PM
ऐप पर पढ़ें

ग्रामीण क्षेत्रों के दूरस्थ इलाकों तक विकास करने के लिए प्रदेश सरकार संकल्पित है। हर वर्ग के उत्थान को लेकर कार्य किया जा रहा है। प्रदेश की कमान संभाल रहे युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड का चहुमुखी विकास हो रहा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा भारी बहुमत के साथ प्रदेश में पुनः काबिज होगी। इस बार भाजपा ने 60 के पार का लक्ष्य रखा है, जिसे पूरा करने के लिए भाजपा कार्यकर्ता जी जान से जुटे हुए हैं।

विकासखंड जखोली के पूर्वी बांगर में आयोजित किसान विकास मेले में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे भाजपा के प्रदेश के सह मीडिया प्रभारी कमलेश उनियाल का मेला समिति ने चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उनियाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में लोक संस्कृति की विशेष महता है। आज भी यहां के ग्रामीण अंचलों में मेलों के आयोजन से भाईचारा का संदेश दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्वी बांगर में आयोजित किसान विकास मेले को भव्य रूप देने के भरसक प्रयास किये जायेंगे। इसके लिए प्रदेश सरकार से भी मदद ली जायेगी। भाजपा सह मीडिया प्रभारी उनियाल ने कहा कि क्षेत्र के बुद्धिजीवियों के अथक प्रयासों से हर वर्ष मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिससे लोगों को लोक संस्कृति की समझ होने के साथ ही उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड का चहुमुखी विकास हो रहा है। प्रदेश सरकार हर वर्ग के विकास को लेकर कार्य कर रही है, जिसका फल भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में भी मिलेगा। कहा कि इस बार भाजपा ने 60 पार का लक्ष्य रखा है और यह लक्ष्य पूरा करने के लिए जनता को भाजपा का साथ देना होगा। केन्द्र और राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं का लाभ आमजन को मिल रहा है। काश्तकारों के लिए किसान बीमा योजना, किसान सम्मान निधि योजना, स्वास्थ्य बीमा योजना, युवाओं के लिए स्वरोजगार योजना संचालित करते हुए लाभ पहुंचाया जा रहा है। कहा कि पहली बार देवभूमि में इगास पर्व धूमधाम से मनाया गया और युवा मुख्यमंत्री ने इगास के त्यौहार की भी छुट्टी की घोषणा की है, यह एक सराहनीय कार्य है। जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में उन त्यौहारों पर भी छुट्टी की जाती थी, जिनका यहां ज्यादा महत्व नहीं है। इस दौरान भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी ने मेले में लगे कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास द्वारा लगाये गये स्टॉल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से आम जनमानस के लिए केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी देने को भी कहा। मेले में लोक गायक अजय नौटियाल, अनिल कोठियाल, नवीन सेमवाल ने शानदार प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष सज्जन सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेखा बुटोला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य वीरेंद्र बुटोला, योगेंबर, ईश्वर सिंह, धनवीर, शेर सिंह राणा, पाल सिंह, पृथ्वी सिंह भंडारी, प्रेम दत्त ध्यानी, नारायण सिंह पंवार सहित अन्य मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें