Hindi NewsUttarakhand NewsVikasnagar NewsNew Year Brings Joy 31 Babies Born in Pahchudwan on January 1st
नए साल पर पछुवादून में 31 घरों में गूंजी किलकारियां

नए साल पर पछुवादून में 31 घरों में गूंजी किलकारियां

संक्षेप:

नए साल के पहले दिन पछुवादून में 31 बच्चों का जन्म हुआ। उप जिला अस्पताल और प्राइवेट नर्सिंग होम में 20 बेटियों और 11 बेटों ने जन्म लिया। परिवारों ने नवजात शिशुओं के आगमन पर खुशी मनाई। अस्पतालों में नए साल पर खुशियों का माहौल बना हुआ है।

Jan 01, 2026 07:33 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, विकासनगर
share Share
Follow Us on

साल के पहले दिन हर किसी की हसरत होती है कि यह उनके लिए खास हो, जीवन में खुशियां लाएं। नया साल पछुवादून के 31 घरों में खुशियां लेकर आया है। बुधवार मध्य रात्रि से गुरुवार रात 12 बजे पछुवादून में 31 बच्चों ने जन्म लिया। उप जिला अस्पताल, लेहमन अस्पताल समेत अन्य प्राइवेट नर्सिंग होम में 20 बेटियां और 11 बेटे पैदा हुए। घरों में आए नन्ने मेहमानों को लेकर परिजनों ने खुशियां मनाईं। उप जिला चिकित्सालय विकासनगर में जच्चा बच्चा वार्ड में भर्ती जमनीपुर निवासी करिश्मा ने 31 दिसंबर की रात एक बजे बेटे को जन्म दिया। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में खुशी का माहौल है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

एक जनवरी की सुबह नौ बजे एक बेटी, 11 बजे तीन बेटे, दोपहर एक बजे दो बेटों तथा शाम तीन बजे एक बेटी ने उप जिला चिकित्सालय में जन्म लिया। शहर के निजी नर्सिंग होम में गुरुवार सुबह पुरुवाला निवासी हरमीत कौर ने बेटी को जन्म दिया। उन्होंने बताया कि उनकी यह दूसरी बेटी है, वह बेटियों को बेटे समान ही मानती हैं। सेलाकुई के निजी नर्सिंग होम में बेटी को जन्म देने वाली रामसावाला निवासी प्रमिला ने बताया कि नए साल पर परिवार में लक्ष्मी का आगमन होने से परिवार के सब लोग खुश हैं। नया साल खुशियां लेकर आया है। इसके साथ ही लेहमन अस्पताल, डा. मीना जैन अस्पताल हरबर्टपुर समेत विकासनगर और सेलाकुई के प्राइवेट नर्सिंग होम में भी नए साल पर किलकारियां गूंजी। आशा वेलनेस अस्पताल हरबर्टपुर के सीईओ डा. शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि उनके अस्पताल में नए साल पर पांच बच्चों ने जन्म लिया, तीन महिलाओं ने बेटों को जन्म दिया, जबकि दो महिलाओं ने बेटियों को जन्म दिया। उप जिला चिकित्सालय के सीएमएस डा. प्रदीप चौहान ने बताया कि नए साल पर 31 नवजात शिशुओं की किलकारियां गूंजी।