Vikasnagar News: नव प्रवेशी विद्यार्थियों को नई शिक्षा नीति की जानकारी दी
Vikasnagar News: श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता में शुक्रवार को नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Vikasnagar News: श्री गुलाब सिंह राजकीय महाविद्यालय चकराता में शुक्रवार को नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, पाठ्यक्रम,छात्रवृत्ति योजनाओं एवं विभिन्न शैक्षणिक संसाधनों से परिचित कराया गया। प्राचार्य प्रो. आशुतोष सारण ने कहा कि महाविद्यालय केवल उच्च शिक्षा प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन का सम्मान करने तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करते हैं तथा अपने परिवार, महाविद्यालय और राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करते हैं। डॉ. मुकेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, अज़ीम प्रेमजी छात्रवृत्ति, नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल और मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना समेत विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाने तथा समय पर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत डॉ. अभय शिखर पंवार ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षण मंचों के माध्यम से अपने ज्ञान और कौशल का निरंतर विकास करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ऐपन सिंह ने किया।


