जौनसार बावर के 13 मोटर मार्गों पर यातायात ठप रहा
मानसून की बारिश ने जौनसार बावर के लोगों के लिए मुसीबत बढ़ा दी है। लगातार भूस्खलन के कारण 60 गांवों का सड़क संपर्क कट गया है। कृषि उपज की कमी से किसानों को नुकसान हो रहा है और सब्जियों की कीमतें बढ़ गई...
मानसून की बारिश जौनसार बावर के लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। पहाड़ों पर बारिश और फिर धूप की वजह से लगातार भूस्खलन हो रहा है। पहाड़ दरक रहे हैं और मलबा सड़कों पर आ रहा है। नेशनल हाईवे से लेकर ग्रामीण सड़क मार्गों का संपर्क कट जा रहा है। लगातार हो रहे भूस्खलन की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जौनसार बावर में बारिश होते ही भूस्खलन बढ़ रहा है। जगह जगह पहाड़ पर हो रहे भूस्खलन का मलबा गिरने पर एक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 13 मोटर मार्गों पर यातायात ठप होने से करीब 60 गांवों व मजरों के 23 हजार ग्रामीणों का सड़क संपर्क कटा हुआ है।
साहिया, विकासनगर, देहरादून की मंडियों में कृषि उपज न पहुंचा पाने की वजह से किसानों को हो भारी नुकसान हो रहा है। मंडियों में सब्जियों की कम आवक के कारण दाम महंगे होने से ग्राहकों को अपनी जेब ज्यादा ढ़ीली करनी पड़ रही है। महंगी सब्जियों की वजह से गृहणियों का बजट भी बिगड़ रहा है। ----- ये मोटर मार्ग हैं बंद त्यूणी-पुरोला-नौगांव एनएच, रावना-पुरोड़ी-डामटा, ड्यूडलानी-चंदोऊ-कामला, सिलीखड्ड-कुनैन, पलासू-बगिया-डाडू, रायगी-कुल्हा, त्यूणी-चांदनी-प्यूनल, कठंग-सोलंग, कांडा-ट्यूटाड़, पुरटाड़ मार्ग और खारसी-इंद्रौली-कंधार मोटर मार्ग पर यातायात ठप रहा। ----- भूस्खलन से गिर रहे बड़े बोल्डर साहिया। जौनसार बावर की लाइफ लाइन कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर जजरेड़ भूस्खलन जोन पहले से ही लोगों के लिए एक बड़ी समस्या बनी हुई है। अब असनाड़ी के पास पहाड़ से बड़ा बोल्डर गिरने से दुर्घटनाओं का खतरा पैदा हो गया है। बीते दो दिनों से आवागमन करने वाले वाहन चालक काफी सहमे हुए हैं, बोल्डर गिरने से मार्ग संकरा हो चुका है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग सहिया द्वारा चट्टान को हटाने के लिए भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग सहिया की सहायक अभियंता राधिका शर्मा ने बताया कि बोल्डर को तोड़ने के लिए ब्रेकर लगाया गया है। जल्द ही सडक से पत्थर हटाया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




