Vikasnagar News: 535 करोड़ की सीवर-पेयजल योजना में अनियमितताओं की, सात विभाग करेंगे जांच
Vikasnagar News: नगर पालिका क्षेत्र में 535 करोड़ रुपये की सीवर एवं पेयजल योजना में अनियमितताओं के लिए जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। शिकायत में घटिया निर्माण, नियमों का उल्लंघन और अवैध खनन जैसे मुद्दे उठाए गए हैं। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष शम्मी प्रकाश ने शिकायत दर्ज कराई थी।

Vikasnagar News: नगर पालिका क्षेत्र में करीब 535 करोड़ रुपये की सीवर एवं पेयजल योजना के निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सात विभागों को जांच के निर्देश दिए हैं। शिकायत में घटिया निर्माण, राजस्व संबंधी संभावित अनियमितताओं, नियम विरुद्ध वाहनों के संचालन, खनन सामग्री के कथित अवैध भंडारण-परिवहन और एक ही सड़क पर दो विभागों द्वारा निर्माण कार्य कराए जाने जैसे बिंदु उठाए गए थे। पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सभासद शम्मी प्रकाश शहर में बिछ रही सीवर लाइन कार्य में अनियमितता की शिकायत जिलाधिकारी कार्यालय में की थी। जिसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने और रिपोर्ट से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
जांच के लिए एसडीएम विकासनगर, कार्यक्रम निदेशक यूयूएसडीए, जिला खान अधिकारी, मुख्य कृषि अधिकारी, एआरटीओ विकासनगर, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड लोनिवि और अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विकासनगर को निर्देशित किया है। शिकायतकर्ता शम्मी ने कहा कि इतनी बड़ी योजना में पारदर्शिता और निर्माण गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। जांच में यदि सरकारी धन के दुरुपयोग, घटिया निर्माण, अवैध खनन या अन्य नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों, ठेकेदारों और संबंधित लोगों पर कार्रवाई के साथ सरकारी धन की क्षति की भरपाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।


