प्रोसेसिंग प्लांट भेजा जा रहा है कूड़ा, जल्द अपना प्लांट लगाएगा पालिका
हरबर्टपुर नगर पालिका में कूड़े के निस्तारण की समस्या का समाधान जल्द होगा। नगर पालिका अब स्वयं कूड़े का निस्तारण प्लांट लगाएगी, जिसके लिए डीपीआर शासन को भेजी गई है। वर्तमान में पालिका कूड़ा बाहर भेज रही है, जिससे खर्च बढ़ रहा है। जल्द ही बजट मिलने पर काम शुरू होगा।

हरबर्टपुर नगर पालिका में लंबे समय से बनी कूड़े के निस्तारण की समस्या जल्द खत्म होगी। पालिका अब खुद निस्तारण प्लांट लगाएगी। इसके लिए पालिका की ओर से डीपीआर शासन को भेजी है। स्वीकृति मिलने के बाद कूड़े निस्तारण प्लांट का काम शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल पालिका एक फर्म के माध्यम से अपना कूड़ा बाहर भेज रही है। जिससे पालिका पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। हरबर्टपुर नगर पालिका में ग्यारह वार्ड हैं। जहां से हर दिन करीब आठ से दस मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। पहले पालिका शीशमबाड़ा कूड़ा निस्तारण प्लांट में अपना कूड़ा भेजती थी, लेकिन शीशमबाड़ा में कूड़ा डालने पर मनाही के बाद पालिका के सामने कूड़े के निस्तारण की चुनौती खड़ी हो गई थी।
पालिका हरबर्टपुर में ही आम के बगीचे में अपना कूड़ा एकत्रित कर रही थी।लेकिन जब वहां कूड़े का ढ़ेर बढ़ना शुरू हुआ तो पालिका ने एक फर्म के साथ अनुबंध किया। जो प्रत्येक हफ्ते पालिका के कूड़े को प्रोसेसिंग प्लांट ले जाती है। जिसके लिए पालिका को लाखों खर्च करना पड़ रहा है।इसलिए अब पालिका अपने कूड़े का स्वयं ही निस्तारण करेंगी। प्लांट के लिए पालिक की ओर से करीब चार से पांच बीघा भूमि भी चयनित कर ली है। प्रोसेसिंग प्लांट के लिए पालिका की ओर से शासन को डीपीआर भेजी है। जिस पर सैद्धांतिक सहमित मिल चुकी है। जल्द ही बजट मिलने की उम्मीद है। बजट मिलते ही पालिका अपना प्रोसेसिंग प्लांट का काम शुरू कर देगी। जिससे कूड़े का निस्तारण भी हो जाएगा।हरबर्टपुर नगर पालिका फिलहाल अपना कूड़ा बाहर भेज रही है। लेकिन अब पालिका खुद का प्रोसेसिंग प्लांट लगाएगी। इसके लिए डीपीआर शासन को भेजी गई है। जिस पर सैद्धांतिक सहमति भी मिल चुकी है। बजट मिलने के बाद प्लांट का काम शुरू कर दिया जाएगा। पालिका की ओर से कूड़े को आसन नदी में डालने की बात सरासर गलत है। -नीरू देवी, नगर पालिका अध्यक्ष हरबर्टपुर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


