Vikasnagar News: चकराता में स्वास्थ्य शिविर में 143 ग्रामीणों ने कराया उपचार
Vikasnagar News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चकराता में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर में 143 ग्रामीणों ने निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त की। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का बीपी, शुगर और अन्य जांच की। शिविर में गर्भवती महिलाओं के लिए एएनसी जांच और किशोरों को स्वास्थ्य परामर्श भी दिया गया।

Vikasnagar News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चकराता में सेवा सप्ताह के तहत आयोजित विशेष बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर में दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 143 लोगों ने निशुल्क परामर्श और उपचार का लाभ लिया। शिविर में कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की विभिन्न जांचें की गईं। 65 मरीजों की बीपी और शुगर जांच तथा 29 मरीजों की पैथोलॉजी जांच की गई। मातृ एवं बाल स्वास्थ्य के तहत 16 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत 26 किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और काउंसलिंग दी गई।शिविर में सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों को मौके पर ही उपलब्ध कराया गया।
पात्र लाभार्थियों के 30 आयुष्मान कार्ड और 33 आभा आईडी बनाए गए। इससे ग्रामीणों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने में सुविधा मिली। आशा कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर शिविर का प्रचार-प्रसार किया, जिसके चलते बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे। नर्सिंग अधिकारियों और एएनएम ने भी मरीजों की देखभाल में सहयोग किया। शिविर में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विपिन तोमर, शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र सिंह चौहान, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता शर्मा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप, फिजिशियन डॉ. उमंग नौटियाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आलोक जैन, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र सिंह राय आदि मौजूद रहे।


