Vikasnagar News: जाटोवाला-माजरी में अतिक्रमण से नाला और सिंचाई मार्ग अवरुद्ध
Vikasnagar News: जाटोवाला-माजरी क्षेत्र में प्राकृतिक जल निकासी नाले और सिंचाई मार्ग पर अतिक्रमण का मामला बढ़ता जा रहा है। किसानों में नाराजगी और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई में देरी हो रही है। जल प्रवाह बाधित होने से बाढ़ और सिंचाई व्यवस्थाओं पर भी असर पड़ा है। मामले की जांच की जा रही है।

Vikasnagar News: जाटोवाला-माजरी, तिपरपुर, सहसपुर और घमोलो क्षेत्र में प्राकृतिक जल निकासी नाले, सिंचाई मार्ग और सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिकायत के बावजूद कार्रवाई में देरी को लेकर ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी है। आरोप है कि प्राकृतिक जल निकासी के प्रमुख नाले में आरसीसी पाइप डालकर, मिट्टी और निर्माण सामग्री भरने के साथ ही निर्माण कर जल प्रवाह बाधित कर दिया गया है। इससे बारिश के पानी की निकासी के साथ किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है। शिकायतकर्ता जुबैर ने बताया कि बीती 11 जून को जिलाधिकारी ने 11 विभागों को संयुक्त जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसके बाद जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने 10 जुलाई को संबंधित विभागों से तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट मांगी। बावजूद इसके अधिकांश विभागों की ओर से अब तक न तो संयुक्त निरीक्षण किया गया और न ही समेकित जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार वन क्षेत्र से आने वाला प्राकृतिक जल प्रवाह और मानसून का पानी लंबे समय से इसी मार्ग से निकलता रहा है। नाले में अवरोध के कारण बारिश के दौरान जलभराव और कृषि भूमि को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। धान के सीजन में सिंचाई मार्ग बाधित होने से किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। खेतों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है और पुराने रास्ते भी अवरुद्ध हो गए हैं। उधर, एसडीम विनोद कुमार ने कहा कि मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।


