ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड विकासनगरकार्यकर्ता भी बन सकता राष्ट्रीय अध्यक्ष: नड्डा

कार्यकर्ता भी बन सकता राष्ट्रीय अध्यक्ष: नड्डा

रुड़की में हुई शक्ति केंद्र संयोजकों और प्रभारियों की वर्चुअल बैठक भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष,...

कार्यकर्ता भी बन सकता राष्ट्रीय अध्यक्ष: नड्डा
हिन्दुस्तान टीम,रुडकीWed, 29 Sep 2021 11:30 PM
ऐप पर पढ़ें

रुड़की के रामनगर चौक स्थित होटल में भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजकों और प्रभारियों की वर्चुअल बैठक हुई। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शक्ति केंद्र संयोजक एवं प्रभारियों का मार्गदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष से पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष ने भी पदाधिकारियों को संबोधित किया। जेपी नडडा ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी जिसका छोटा सा कार्यकर्ता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।

भाजपा ने राज्य में विधान सभा चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर चुनाव की तैयारी को शुरू कर दिया है। बुधवार को भाजपा ने राज्य के शक्तिकेंद्र संयोजकों एवं प्रभारियों की वर्चुअल बैठक की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वह भाजपा में एक समय बूथ स्तर के कार्यकर्ता थे। लेकिन आज वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जिसमें बूथ कार्यकर्ता अपनी मेहनत और लगन से पार्टी के सर्वोच्च पद तक जा सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लापरवाही अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि कार्यकर्ताओें को सरकार की योजनाओं के बारे समाज के सभी व्यक्तियों को बताने और उसका लाभ दिलाने का कार्य करना होगा। इस दौरान रुड़की विधानसभा क्षेत्र के रामनगर चौक में बैठक में नगर विधायक प्रदीप बत्रा, रुड़की विधानसभा प्रभारी मनोज गर्ग, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, राज्यमंत्री डॉ. कल्पना सैनी, पूर्व विधायक सुरेश चंद जैन, मंडल अध्यक्ष अभिषेक चंद्रा, मंडल अध्यक्ष प्रवीण सिंधु,मंडल महामंत्री प्रदुमन सिंह पोसवाल, मंडल महामंत्री संजीव कक्कड़, पार्षद विवेक चौधरी, ब्रज मोहन सैनी, मंडी समिति अध्यक्ष योगेंद्र सिंह पुंडीर, किरण चौधरी, ललित मोहन अग्रवाल, नवीन गुलाटी, पवन तोमर, सावित्री मंगला, सुनीता गोस्वामी, अमित प्रजापति, डॉ. नाथीराम, संजय अरोड़ा, धर्मवीर पिंकी, गौरव मेंदीरत्ता, रामपाल कंसल, बृजेश त्यागी, भरत कपूर, पंकज नंदा, महेंद्र काला आशुतोष सिंह, सन्नी नारंग, राजन गोयल, सुनील साहनी, श्याम भारद्वाज, प्रमोद चौधरी, गजेंद्र चौधरी हरीश शर्मा, डॉ.टेक बल्लभ आदि मौजूद रहे।

000

संगठन मंत्री के संबोधन को नहीं सुन सके कार्यकर्ता

रुड़की के रामनगर चौक स्थित होटल में शक्ति केंद्र संयोजकों एवं प्रभारियों की वर्चुअल बैठक हुई। जिसको भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत राज्य के कई बड़े नेताओं ने संबोधित किया। लेकिन भाजपा के संगठन मंत्री के संबोधन के वक्त तकनीकी खामी आ गई। जिसके चलते बैठक में मौजूद पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन मंत्री को सुनने से वंचित हो गए।

000

उत्तराखंड की पुण्य भूमि को प्रदूषित ना होने दें: नड्डा

नई दल्लिी। भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बुधवार को कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर झूठ व छल की राजनीति करने व लुभावने वायदे कर गायब हो जाने का आरोप लगाया। उन्होंने उत्तराखंड की जनता का आह्वान किया कि वह ऐसे राजनीतिक दलों से राज्य की पुण्य भूमि को प्रदूषित ना होने दें।

वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से उत्तराखंड में भाजपा के सभी शक्ति केंद्र संयोजकों एवं प्रभारियों को संबोधित कर रहे नड्डा ने यह दावा भी किया कि पार्टी ने राज्य में एक विकासपरक और जनकल्याणकारी सरकार दी और आगामी विधानसभा चुनाव में वह अपनी नीतियों, केंद्र व प्रदेश सरकारों के विकास कार्यों और कार्यकर्ताओं के समर्पण के दम पर जीत हासिल करेगी।

उन्होंने कहा कि आज अन्य दलों के पास मुद्दे खत्म हो गए हैं, इसलिए वह झूठ और छल की राजनीति कर रहे हैं। हमें उनके झूठ व छल से उत्तराखंड की पुण्य भूमि को प्रदूषित नहीं होने देना है। झूठे और लुभावने वायदे और उसके बाद गायब हो जाने वाले लोगों की सच्चाई जनता के बीच लेकर जाना है।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड में अभूतपूर्व विकास किया है और उससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभ हुआ है। हमें इन सारी बातों को जनता के बीच लेकर जाना है। हमें बताना है कि भाजपा ने उत्तराखंड को विकासपरक और जनकल्याणकारी सरकार दी है। आगामी चुनाव में भी पार्टी की नीतियां, केंद्र व प्रदेश सरकारों के विकास कार्य और कार्यकर्ताओं के समर्पण के दम पर हम जीतेंगे और आगे बढ़ेंगे।

केंद्र सरकार ने किसानों के हित में कदम उठाए

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों के आंदोलनों का उल्लेख करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने किसानों के हित में जितने कदम उठाए, उतने किसी अन्य सरकार ने नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि मैं चुनौती देता हूं... आप तुलना कीजिए कांग्रेस की सरकारों में और हमारी सरकारों में, और बताइए लोगों को कि किसानों के प्रति समर्पित भाव से किसने काम किया। कांग्रेस बताए कि 10 साल के संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) शासन में उन्होंने किसानों की भलाई के लिए कितने पैसे खर्च किए? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 10 साल में एक बार किसानों का कर्ज माफ किया और उसमें भी घोटाले की खबरें सामने आईं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें