
हरबर्टपुर बस अड्डे तक हो इलेक्ट्रिक बस का संचालन
संक्षेप: नगर पालिकाध्यक्ष नीरू देवी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर देहरादून से हरबर्टपुर तक इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की मांग की है। उन्होंने कहा कि लांघा रोड के आसपास रहने वाली आधी आबादी बस सेवा से वंचित है। हरबर्टपुर बस स्टैंड की निकटता से यात्रियों को सुविधा मिलेगी और सरकार को आर्थिक लाभ भी होगा।
नगर पालिकाध्यक्ष नीरू देवी ने देहरादून से लांघा रोड तक चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हरबर्टपुर तक करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा है। नीरू ने कहा कि लांघा रोड तक बसों का संचालन होने से आधी आबादी इस बस सेवा के लाभ से वंचित रह जाती है। पालिकाध्यक्ष नीरू देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्तमान समय में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन देहरादून से हरबर्टपुर बस अड्डे तक होना चाहिए। जिससे आमजन को देहरादून आवागमन में परेशानियों का सामना न करना पड़े। वर्तमान में जहां से बस संचालित होती हैं वहां पर हर समय चार बसें खड़ी रहती हैं, लेकिन बस्तियों की कमी के चलते कम सवारियां मिलती हैं, जिससे सरकार को राजस्व की हानि भी रही है।

इस स्थान से हरबर्टपुर बस स्टैंड की दूरी मात्र पांच किलोमीटर है, जो कि एक अंतर्राज्यीय बस अड्डा है। यह हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और यूपी को जोड़ने वाला मुख्य केंद्र है। इलेक्ट्रिक बस का संचालन हरबर्टपुर बस अड्डे तक होता है तो इन प्रदेशों से आने वाले लोगों को देहरादून जाने में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बसों को पर्याप्त सवारी मिलने से राज्य सरकार और परिवहन निगम को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। लिहाजा, देहरादून से लांघा तिराहे के बजाय हरबर्टपुर बस अड्डे तक बसों का संचालन किया जाना राज्य सरकार व जनहित में होगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में परिवहन विभाग को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए जाने चाहिए, जिससे कि स्थानीय जनता को बस सुविधा का लाभ मिल सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




