पोकलैंड मशीन गायब होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
कालसी में अवैध खनन के मामले में प्रशासन द्वारा सीज की गई पोकलैंड मशीन गायब हो गई है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर चेतावनी दी है कि यदि मशीन शीघ्र बरामद नहीं हुई, तो वे आंदोलन करेंगे।...

कालसी, संवाददाता। अवैध खनन में कालसी प्रशासन की ओर से सीज की गई एक पोकलैंड मशीन के गायब होने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कालसी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर चेतावनी दी है कि यदि पोकलैंड मशीन शीघ्र बरामद न हुई तो आंदोलन किया जाएगा। दरअसल, यमुना नदी में मानकों के खिलाफ हो रहे अवैध खनन की शिकायत के बाद हाल ही में तहसील प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दो पोकलैंड मशीनें सीज की थीं। उन्हें खनन पट्टे के पास ही सीज कर रखा गया था। सोमवार को तहसील प्रशासन को सूचना मिली कि सीज की गई एक पोकलैंड मशीन गायब है। सूचना पर तहसील प्रशासन में हडकंप मच गया। मौके पर तहसील प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और पूछताछ की। लेकिन मशीन के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। मशीन को हरियाणा से किराए पर लाया गया था। इस मामले में तहसीलदार कालसी मनोहर लाल अंजूवाल ने मशीन की निगरानी करने वाले मुंशी सुनील पुत्र सतपाल निवासी हिसार हरियाणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। लेकिन पुलिस और प्रशासन के नाक के नीचे से पोकलैंड मशीन गायब होने पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर कहा कि यह सुरक्षा पर गंभीर सवाल है। कहा कि अगर जल्द ही मशीन को बरामद नहीं किया जाता तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। ज्ञापन भेजने वालों में कार्यकारी अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी उमा दत्त जोशी, श्यामदत्त जोशी, मनीष शर्मा, शमशेर सिंह, विशाल भारती, खुशीराम जोशी, शांति सिंह आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।