Hindi NewsUttarakhand NewsVikasnagar NewsCongress Accuses BJP of Anti-Poor Conspiracy Over MNREGA Name Change
भाजपा ने साजिशन बदला मनरेगा का नाम : आर्येंद्र

भाजपा ने साजिशन बदला मनरेगा का नाम : आर्येंद्र

संक्षेप:

कांग्रेस ने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने को गरीब-विरोधी साजिश बताया है। कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि मनरेगा गरीबों के लिए सम्मान और जीविका का प्रतीक है। भाजपा सरकार ने रोजगार की गारंटी और मजदूरों के अधिकारों को खत्म करने का आरोप लगाया है।

Jan 11, 2026 06:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, विकासनगर
share Share
Follow Us on

केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का नाम बदलने को कांग्रेस ने भाजपा की सबसे घिनौनी और दुर्भावनापूर्ण गरीब-विरोधी साज़िश बताया है। कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने रविवार को कहा कि मनरेगा करोड़ों गरीब, श्रमिक, किसान, भूमिहीन परिवारों के पेट की रोटी, सम्मान की गारंटी और संवैधानिक हक का प्रतीक है। महात्मा गांधी के नाम वाली इस योजना ने तब देश को संभाला जब महामारी के दौरान लाखों मजदूर शहरों से पैदल अपने गांव लौटे और जीवित रहने की उम्मीद सिर्फ मनरेगा के काम पर टिक गई थी। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने इस देश के हर ग्रामीण परिवार को रोजगार की गारंटी देने का अधिकार दिया था, लेकिन भाजपा सरकार ने नया कानून लाकर इस मूल भावना को समाप्त कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि नए प्रावधानों में रोजगार की गारंटी, दिनों की बाध्यता, भुगतान की समयसीमा और मजदूर के अधिकार, सबको खत्म कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार शुरू से मनरेगा को समाप्त करने की कोशिश में लगी है। लगातार बजट घटाया गया ताकि लाखों मजदूर कार्य दिवसों के लिए तरसते रहें। मजदूरी का भुगतान महीनों अटका रहा, जिससे गरीब परिवार कर्ज में डूबे, और अब योजना का नाम बदलने की चाल चली जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कांग्रेस की हर सोच, हर नीति और हर उपलब्धि को मिटाने में लगी है। पार्टी भाजपा सरकार की इस साजिश को न तो चुपचाप स्वीकार करेगी और न इसे सफल होने देगी। इस मौके पर अमित पंवार, संजय कुमार, अशोक नेगी, हरीश बिष्ट, संजीव उपाध्याय मौजूद रहे।