Hindi NewsUttarakhand NewsVikasnagar NewsChalda Mahasu Maharaj s Journey Pilgrimage to Himachal Pradesh
देर रात भूपऊ गांव पहुंचने के बाद आज चौथे पड़ाव के लिए मयार खेड़ा पहुंचे चालदा महासू महाराज
संक्षेप:
चालदा महासू महाराज भूपऊ गांव पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने देव पालकी को कंधा दिया। वह मयार खेड़ा में रात बिताने के लिए रवाना हुए। 12 दिसंबर को वह सावडा खेड़ा में विश्राम करेंगे और 13 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेंगे।
Dec 11, 2025 06:13 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, विकासनगर
साहिया संवाददाता। दसऊ गांव में दो दिन प्रवास के बाद बुधवार देर रात चालदा महासू महाराज भूपऊ गांव पहुंचे। भूपऊ जाते समय महाराज गबेला स्थित महासू देवता मंदिर और ककुर्सी महाराज मंदिर परिसर पहुंचे। जहां दर्शन के लिए देर रात से सुबह तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने भी देव पालकी को कंधा देकर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद आज गुरुवार को चालदा महासू महाराज अपने चौथे पड़ाव मयार खेड़ा के लिए रवाना हुए। यहां वह रात्रि विश्राम (बागड़ी) करेंगे। खत पशगांव के दसऊ गांव में ढाई साल प्रवास के बाद आठ दिसंबर को हिमाचल के पश्मी गांव प्रवास के लिए छत्रधारी चालदा महासू महाराज बाहर निकले हैं। इस यात्रा में पहला और दूसरा पड़ाव दसऊ गांव में रहा। तीसरे पड़ाव में चालदा महासू महाराज खत पशगांव के भूपऊ गांव पहुंचे। भूपऊ जाते समय छत्रधारी चालदा महासू महाराज बुधवार रात गबेला स्थित महासू देवता मंदिर और कुकुर्सी महाराज मंदिर परिसर में पहुंचे। वहां दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। गुरुवार को भूपऊ गांव से चालदा महासू महाराज चौथे पड़ाव मयारखेड़ा के लिए रवाना हुए। चालदा महासू महाराज इस चौथे पड़ाव में दसऊ गांव के मयार खेड़ा में रात्रि विश्राम (बागड़ी) करेंगे।
LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।
आज पांचवें पड़ाव सावडा खेड़ा में रात्रि विश्राम करेंगे चालदा महासू महाराज
12 दिसंबर को चालदा महासू महाराज खत धुनऊ के जगथान बुराईला गांव के सावडा खेड़ा में पांचवें पड़ाव पर रात्रि विश्राम करेंगे। 13 दिसबंर को चालदा महासू महाराज हिमाचल प्रदेश की सीमा में प्रवेश करेंगे। वहां छठे पडाव में महाराज हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के द्राविल में रात्रि विश्राम करेंगे। 14 दिसंबर को छत्रधारी चालदा महासू महाराज द्राविल से प्रस्थान कर पश्मी गांव के नवनिर्मित चालदा महासू महाराज मंदिर में विधिवत विराजमान होंगे।
पहली बार सिरमौर के पश्मी गांव में विराजमान होंगे चालदा महासू महाराज
यह पहली बार होगा जब मुलुकपती राजा रघुनाथ छत्रधारी चालदा महासू महाराज सिरमौर के पश्मी गांव में विराजमान होंगे। इसे लेकर हिमाचल प्रदेश के लोगों में उत्साह है। चालदा महासू महाराज के सिरमौर पश्मी प्रवास को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार भी व्यवस्थाएं बनाने में जुटी है। मयारखेड़ा में समस्त सिंगटोउ बिरादरी दसऊ और हिमाचल प्रदेश से कोटी, बौंच, गुमट, बाग और नैनीधार से लोग भंडारा वितरण सेवा के लिए पहुंचे। इस दौरान देव पुजारी भादूराम नौटियाल, खत पशगांव के सदर स्याणा शूरवीर सिंह चौहान, पदम सिंह चौहान, कुंवर सिंह चौहान,नरेंद्र चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देहरादून मधु चौहान, पूर्व प्रमुख कालसी मठौर सिंह चौहान सहित हज़ारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


