भाजपा कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री को पुतला दहन किया
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा हिंदू देवी-देवताओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की और कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियाँ सामाजिक सद्भाव को खतरे में डालती हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी द्वारा हिंदू देवी-देवताओं के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया। गुरुवार को पहाड़ी गली चौक भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के बयान की निंदा करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कुछ राजनेता स्वार्थ की राजनीति के लिए हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। भाजयुमो जिला अध्यक्ष संजय तोमर ने कहा कि किसी भी संवैधानिक पद पर बैठा व्यक्ति यदि समाज की आस्था और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी करता है तो यह न केवल अनुचित है बल्कि सामाजिक सद्भाव के लिए भी घातक है।
उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी अपने बयान पर तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और भविष्य में इस प्रकार की बयानबाजी से दूर रहें। भाजपा मंडल अध्यक्ष शुभम गर्ग ने कहा कि हिंदू समाज की आस्था पर प्रहार सहन नहीं किया जाएगा। लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन किसी भी धर्म या देवी-देवताओं का अपमान करने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस समेत कुछ अन्य विपक्षी नेता अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। इससे समाज में विद्वेष फैल रहा है। वोट बैंक के लिए बहुसंख्यकों की धार्मिक आस्था पर चोट करना देश की सांस्कृतिक और समाजिक संरचना को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेड्डी द्वारा माफी नहीं मांगी गई तो आंदोलन को व्यापक किया जाएगा। पुतला दहन करने वालो में उपासना भार्गव, नरेश कुमार, सुनीता गुलेरिया, सविता ध्यानी, सरोज देवी, टीना जुवांठा, नीरज चौहान, सुमित टोंक, जगप्रीत, जयवीर चौहान, रोहित पाल, धीरेंद्र चौहान, विशाल तोमर, आदित्य पाल और सचिन खन्ना आदि शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




