Vikasnagar News: शहीदों के बलिदान का प्रतीक है तिरंगा
Vikasnagar News: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चकराता छावनी में भाजपा मंडल द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता, अखंडता की भावना को बढ़ाने का संदेश दिया गया। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने तिरंगे को शहीदों का प्रतीक बताया।

Vikasnagar News: स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को चकराता छावनी बाजार में भाजपा मंडल चकराता की ओर सेतिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ पूरे बाजार क्षेत्र में जनजागरण का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ चकराता छावनी बाजार से हुआ। यात्रा के दौरान लोगों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने का आह्वान किया गया। बाजार में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और देशभक्ति के रंग में रंगे वातावरण ने सभी का उत्साह बढ़ाया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष मोनिका अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए तिरंगे का सम्मान करे और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए। तिरंगा यात्रा में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मोनित दुसेजा, देवेंद्र सिंह चौहान, शरण भारती, नीरज नौटियाल, दीपक नौटियाल, श्वेता चौहान, प्रमिला, धूम सिंह चौहान, नरेश चौहान, विवेक अग्रवाल, केशर सिंह चौहान, नंत राम नौटियाल, विनय शर्मा, आशीष आनंद, जयपाल सिंह चौहान शामिल रहे।


