विकासनगर। हमारे संवाददातावीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में गुरुवार को आर्यन छात्र संगठन ने प्राचार्य का घेराव किया। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन के बीए संकाय में छात्रों दो प्रयोगात्मक विषय न दिये जाने का विरोध किया। हालांकि, प्राचार्य के आश्वासन के बाद छात्र शांत हो गये। गुरुवार सुबह आर्यन छात्र संगठन के छात्र-छात्राओं ने छात्र नेता राहुल चौहान के नेतृत्व में प्राचार्य डॉ. केएल बिष्ट का घेराव किया। उन्होंने प्रमुख रूप से बीए संकाय में छात्र-छात्राओं को दो प्रयोगात्मक विषय न दिये जाने पर आक्रोश प्रकट किया। छात्र नेता राहुल चौहान ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन ने मनमाने ढंग से छात्र-छात्राओं पर यह नियम थोप दिया है। जिसके चलते संकाय में सौ से अधिक सीटें व्यर्थ जा रही हैं। दो विषय प्रयोगात्मक के रूप में न मिलने से छात्र इस विषय में प्रवेश नहीं ले रहे हैं। कहा कि डाकपत्थर महाविद्यालय के अतिरिक्त किसी महाविद्यालय में यह नियम लागू नहीं है। ऐसे में कॉलेज प्रशासन की मनमानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्राचार्य से जल्द छात्र-छात्राओं के हक में उक्त नियम को समाप्त करने की मांग की। जिसपर प्राचार्य ने भी सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जिसके बाद छात्र शांत होकर लौट गये। घेराव करने वालों में जसपाल, सैन सिंह, संगीता तोमर, शुभम कुडियाल, आशीष रावत, शुभम, सचिन, विपुल, अरविंद चौहान, परमेश जोशी, नौशाद, दिनेश जोशी, गंभीर आदि शामिल रहे।
अगली स्टोरी