Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़Vehicle Carrying Students from Ghaziabad to Bhimtal Falls into Gorge 18 Injured 4 Critical
गाजियाबाद से भीमताल आए छात्रों का वाहन खाई में गिरा, 18 बच्चे घायल; 4 की हालत गंभीर

गाजियाबाद से भीमताल आए छात्रों का वाहन खाई में गिरा, 18 बच्चे घायल; 4 की हालत गंभीर

संक्षेप:

गाजियाबाद से भीमताल घूमने आए छात्रों का वाहन खाई में गिर गया। गनीमत रही कि वाहन पेड़ों में अटक गया। हादसे में 18 छात्र घायल हुए हैं। चार की हालत गंभीर है।

Jan 12, 2026 11:23 am ISTGaurav Kala हल्द्वानी
share Share
Follow Us on

गाजियाबाद से भीमताल घूमने आए एक कोचिंग इंस्टीट्यूट के छात्रों से भरा वाहन भीमताल-हल्द्वानी रूट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टैंपो ट्रैवलर वाहन भीमताल से चार किलोमीटर दूर बोहराकून के पास सड़क से करीब 50 फीट नीचे खाई में जा गिरा। गनीमत रही कि वाहन पेड़ों पर अटक गया, वरना हादसा भयानक हो सकता था। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर घायलों को भीमताल अस्पताल पहुंचाया। वाहन में 26 यात्री सवार थे। 18 छात्र-छात्राएं चोटिल हुए हैं। इनमें चार को गंभीर चोटे आई हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के वैशाली स्थित गुरुनानक एकेडमी पेशन ट्यूटोरियल के 80 छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ का भ्रमण दल तीन टैंपो ट्रैवलर में शनिवार को भीमताल घूमने आया था। भीमताल, सातताल घूमने के बाद रविवार शाम को सभी गाजियाबाद लौट रहे थे। तीनों वाहन साथ-साथ चल रहे थे। भीमताल-हल्द्वानी रोड पर बोहराकून के पास कार को बचाने के प्रयास में दूसरे नंबर पर चल रहा टैंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे जा गिरा। कुछ मीटर खाई की तरफ जाते ही वाहन पेड़ों में फंसकर रुक गया। हादसे में बच्चों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया।

ये भी पढ़ें:125 साल पहले स्वामी विवेकानंद पहुंचे थे उत्तराखंड, इस स्थान पर 14 दिन रहे
ये भी पढ़ें:कितने मामून हसन और बबली बेगम... बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ने में नाकाम पुलिस
ये भी पढ़ें:सरकार की बेरुखी का शिकार, उत्तराखंड में 19 इंदिरा अम्मा कैंटीन बंद

हादसे के बाद दहशत में मासूम

सभी घायलों को खाई से निकालकर सीएचसी भीमताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद 16 वर्षीय दीवा निवासी इंदिरापुरम गाजियाबाद (यूपी), 16 वर्षीय एंजेल, 16 वर्षीय अंशुल और 17 वर्षीय निखिल निवासी वैशाली गाजियाबाद को ज्यादा चोटें आने पर एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया। जबकि मामूली रूप से घायल निखिल, अंशुल, मृदुल, आदित्य, आरना, मयंक, काव्या, आरुष यादव, विराट, आकर्ष गुप्ता, आर्य मन, आराध्य, मुदित और नमन को प्राथमिक उपचार भीमताल अस्पताल से छुट्टी दी गई। रेस्क्यू में मनोज भट्ट, गौतम मटियाली, रवि कुमार, समीर, रेहान, नितेश बिष्ट, निशु खान, दृष्टांत, पावन कुमार, शुभम, आयुष, शरद पांडे, कुलदीप बोहरा, भूपेंद्र सिंह बोहरा आदि मौजूद रहे।

कार को पास देने के दौरान हादसा

चालक अमित कुमार ने बताया कि एक कार बार-बार पास लेने का प्रयास कर रही थी। बोहराकून के समीप पास देने के दौरान टैंपो ट्रैवलर का टायर सड़क से नीचे उतर गया और हादसा हो गया। हल्द्वानी एचटीएस में मौजूद संस्थान की शिक्षिका भावना ने बताया कि भ्रमण पर आए बच्चे वैशाली गाजियाबाद और इंद्रापुरम के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि सड़क पर क्रैश बैरियर आदि सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। शुक्र है कि नीचे पेड़ थे, गाड़ी उसमें अटक गई।

रोने लगी शिक्षिका, चेहरों पर दिखा खौफ

रविवार दोपहर छात्र भीमताल से गाजियाबाद लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद छात्रों और शिक्षकों के चेहरों पर खौफ साफ नजर आ रहा था। एक शिक्षिका तो घायल छात्र-छात्राओं की स्थिति देख रोने भी लगी। एक अन्य शिक्षिका ने बताया कि सामने से आ रही कार को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने वाहन को दूसरी तरफ किया और फिर टायर स्लिप हो गया। जिससे गाड़ी पेड़ के ऊपर अटक गई। एसटीएच में भर्ती घायलों की हालत सामान्य है।

Gaurav Kala

लेखक के बारे में

Gaurav Kala
गौरव काला को नेशनल, राजनीति, अंतरराष्ट्रीय, क्राइम और वायरल समाचार लिखना पसंद हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 10 साल कार्य का अनुभव। लाइव हिन्दुस्तान से पहले अमर उजाला, दैनिक जागरण और ईटीवी भारत जैसे मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।