उत्तराखंड में वन निगम में अफसरों के ठाठ सरकारी खजाने पर भारी, बिना मंजूरी 40 कुक कर दिए तैनात

उत्तराखंड में वन निगम में अफसरों के ठाठ सरकारी खजाने पर भारी, बिना मंजूरी 40 कुक कर दिए तैनात

संक्षेप:

उत्तराखंड वन विकास निगम में बिना अनुमति के 40 आउटसोर्स कुक रखे जाने का खुलासा हुआ है, जिनमें से 35 को अधिकारियों के घरों पर तैनात किया गया है और प्रत्येक कुक के लिए हर माह 17 हजार रुपये का मानदेय लिया जा रहा है।

Oct 17, 2025 07:43 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, ओमप्रकाश सती। देहरादून
share

वन विकास निगम में अफसरों के ठाठ सरकारी खजाने पर भारी पड़ रहे हैं। अफसरों ने बगैर अनुमति के ही आउटसोर्स के करीब चालीस कुक रख लिए। इसमें करीब 35 कुक अफसरों ने अपने घरों पर तैनात कर दिए, जबकि पांच दफ्तर और दूसरी जगह तैनात हैं। वन निगम से प्रत्येक कुक के लिए हर माह 17 हजार रुपये मानदेय भी लिया जा रहा है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

शासन को यह भी शिकायत मिली है कि कई अफसरों ने अपने रिश्तेदारों के नाम डालकर भी कुक के नाम पर मानदेय निकाला है। इस जानकारी के बाद शासन ने नाराजगी जताते हुए एमडी को सभी कुक हटाने के निर्देश दिए हैं और मामले की जांच की जा रही है।

सेवा नियमावली का उल्लंघन?

यूपी के समय वन विकास निगम में प्रभागीय बिक्री प्रबंधक (डीएलएम), क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम), महाप्रबंधक (जीएम) और प्रबंध निदेशक (एमडी) को कुक रखने का अधिकार था। लेकिन, हाल में मंजूर उत्तराखंड वन विकास निगम की सेवा नियमावली में केवल एमडी और दो जीएम को ही कुक रखने का अधिकार दिया गया। इसके बावजूद प्रशासनिक अफसर से लेकर डीएलएम और आरएम तक सबने अपने-अपने लिए आउटसोर्स पर कुक रखे। हैरानी की बात है कि इसके लिए शासन से कोई अनुमति नहीं ली गई।

अफसरों के रिश्तेदारों को भी दिखाया कुक

कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया है कि कई अफसरों ने तो आउटसोर्स एजेंसी में अपने रिश्तेदारों का नाम डालकर उन्हें अपने यहां बतौर कुक तैनात दिखाया है। इसके बदले वन निगम से हर महीने मानदेय लिया जा रहा है। इससे वन निगम को हर माह लाखों रुपये की चपत लग रही है। वन निगम कर्मचारियों में इसे लेकर नाराजगी है। उन्होंने इस मामले की जांच करने के साथ दोषियों से रिकवरी तक की मांग की है।

प्रमुख सचिव-वन आरके सुधांशु ने कहा कि वन निगम में कुक, खलासी सहित कई पदों पर आउटसोर्स से जरूरत से ज्यादा कर्मचारी रखे गए हैं। नियम विरुद्ध रखे कर्मचारियों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें कुछ अफसरों के रिश्तेदार रखने की शिकायत है। एमडी से रिपोर्ट मांगी है।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।