तहसील स्तर पर कार्यरत पत्रकारों को दी जाएगी मान्यता: तिवारी
महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के लिए कार्य कर रही है। अब प्रेस मान्यता तहसील स्तर पर दी जाएगी, जिससे ग्रामीण पत्रकारों को भी लाभ मिलेगा। जल्द सोशल मीडिया नियमावली लागू होगी, जिससे पत्रकारों को दिशा-निर्देश और अधिकारों का संरक्षण मिलेगा।

महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रेस मान्यता अब तहसील स्तर पर दिए जाने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नियमावली तैयार की जा रही है, जो अब अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर पर मान्यता मिलने के बाद दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को भी मान्यता का लाभ मिलेगा। एक दिवसीय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे सूचना महानिदेशक वंशीधर तिवारी ने सोमवार शाम पत्रकारों से वार्ता की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द सोशल मीडिया नियमावली को लागू किया जाएगा।
कहा कि यह नियमावली पहले से ही उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लागू है, जिसे अब प्रदेश में लागू करने की प्रक्रिया की जा रही है। नियमावली के लागू होने से सोशल मीडिया पर कार्यरत पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिलेंगे तथा उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित होगा। महानिदेशक ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पत्रकारों को सुविधाएं, सुरक्षा और सम्मान मिले तथा वे बिना किसी दबाव के निष्पक्ष पत्रकारिता कर सकें। इस दौरान उन्होंने उत्तरकाशी में अयोजित देव भूमि रजत उत्सव से जुड़ी जानकारियां भी साझा करते हुए कहा कि राज्य को 25 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। यहां की सभ्यता,संस्कृति और जो उत्तराखंड राज्य आंदोलन का इतिहास है और जिन्होंने राज्य आंदोलन में अपनी शहादत दी है उनके बारे में आने वाली पीढ़ी जागृत हो इस दिशा में स्कूलों के बच्चों और छात्राओं को रजत उत्सव से जोड़ा गया है। निबंध लेखन,चित्रकला और भाषण आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से उन्हें उत्तराखंड राज्य आंदोलन के इतिहास,उसकी पृष्ठभूमि और महत्व की जानकारी दी जा रही है। प्रेस वार्ता में जिला सूचना अधिकारी कर्मवीर शर्मा,अति.जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार भी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




