पुरोला में बाहरी लोगों की जांच पड़ताल शुरू
नाबालिग को भगाने के प्रयास का मामला नाबालिग छात्रा को भगाने के प्रयास के मामले में नगर पंचायत पुरोला में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर स्थानीय...
- नाबालिग को भगाने के प्रयास का है मामला
- पुलिस व प्रशासन ने स्थानीय लोगों के साथ बैठक की
पुरोला, संवाददाता।
नाबालिग छात्रा को भगाने के प्रयास के मामले में नगर पंचायत पुरोला में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर स्थानीय प्रशासन व पुलिस ने दुकान, मकान स्वामियों तथा व्यापार मंडल से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बैठक की। प्रशासन ने बाहर से आने वाले व्यापारियों का सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है। भवन स्वामियों को बिना सत्यापन के किरायेदार न रखने की सख्त हिदायत दी गई है।
उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा ने थानाध्यक्ष खजान सिंह चौहान को नगर में दुकानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। वहीं दुकान व भवन स्वामियों को बिना सत्यापन किसी को भी किराये पर नहीं रखने की अपील की गई है। थानाध्यक्ष खजान सिंह चौहान ने बताया कि अभीतक नगर पंचायत क्षेत्र में व्यवसाय करने वाले समुदाय विशेष के किसी भी व्यवसाई के साथ कोई अभ्रद्रता नहीं की गई। ना ही जबरन किसी को भगाया गया। भवन व दुकान स्वामियों को विस्तृत सत्यापन के बगैर किरायेदार नहीं रखने को कहा गया है। जबकि नगर क्षेत्र में रेहड़ी, पटरी व फेरी समेत रजाई में रूई भरने वाले, आईसक्रीम बेचने वाले, नाई व पार्लर चलाने वालों का सत्यापन किया जा रहा है। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजमोहन चौहान ने कहा कि आरोपियों की पहले ही व्यापार मंडल से सदस्यता समाप्त कर दी गई है। साथ ही समुदाय विशेष के किसी भी व्यवसाई को भगाया नहीं गया। हालांकि लोगों के आक्रोश के बाद कुछ दुकानें बंद हैं। बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष बृजमोहन चौहान, बलदेब रावत, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्यारेलाल हिमानी, अशोक कुमार लांबा, खजान सिंह पंवार, नायब तहसीलदार रविंद्र सिंह असवाल, अनुज चढ्ढा आदि मौजूद रहे।
....
तीन दिन बाद माहौल शांत
घटना के तीन बाद पुरोला में धरना प्रदर्शन का दौर थम गया है। मंगलवार को माहौल शांतिपूर्ण रहा। समुदाय विशेष के तीन दिन से बंद प्रतिष्ठान खुलने लगे हैं। पुरोला में अब बाजार की सभी दुकानें नियमित रूप से खुल रही हैं। नाबालिग को भगाने के प्रयास के मामले में सोमवार को स्थानीय लोगों ने समुदाय विशेष के व्यापारियों की दुकानों के बोर्ड हटाने के साथ ही नगर छोड़ने की चेतावनी दी थी। अब पुलिस और प्रशासन के साथ बैठक के बाद मामला शांत है।
फोटो 01- मंगलवार को पुरोला में स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था पर चर्चा करते पुलिस व प्रशासन के अधिकारी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




