यमुनोत्री के कपाट भैया दूज पर 23 अक्तूबर को बंद होंगे
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने की तिथियां 22 और 23 अक्टूबर को निर्धारित की गई हैं। गंगोत्री के कपाट 22 अक्टूबर को 11:36 बजे बंद होंगे, जबकि यमुनोत्री के कपाट 23 अक्टूबर को 12:30 बजे बंद...

प्रदेश के चार धामों में शामिल गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने की तिथियां शारदीय नवरात्र पर विधिवत रूप से घोषित हो गई हैं। यहां गंगोत्री के कपाट 22 अक्तूबर को अन्नकूट के पावन पर्व पर 11:36 बजे तो यमुनोत्री धाम के कपाट अगले दिन 23 अक्तूबर को दोपहर 12:30 पर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद कर दिए जायेंगे। इसके बाद श्रद्धालु शीतकाल के छह माह तक मुखबा में मां गंगा और खरसाली में ही मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। गुरुवार को अश्विन शुक्ल विजयदशमी शरदीय नवरात्र के पावन पर्व पर यमुनोत्री मंदिर समिति द्वारा पंचांग गणना के अनुसार यमुनोत्री धाम के कपाट बंद करने का शुभ मुहूर्त तय किया गया।
यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया है कि 23 अक्तूबर 2025 सम्वत 2082 कार्तिक शुक्ल यम द्वितीय गुरुवार विशाखा नक्षत्र आयुष्मान योग धनु लग्न अमृत बेला पर समय 12:30 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत पूजा अर्चना के साथ शीलकाल के लिए श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद कर दिए जाएंगे। जिसके बाद शीतकाल में छह महीने तक मां यमुना जी के दर्शन मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ यानी खरसाली में होंगे। जबकि इससे पूर्व गंगोत्री धाम के कपाट बंद होने का मूहूर्त अष्टमी तिथि पर निकाला गया। तीर्थ पुरोहितों के अनुसार तय कार्यक्रम के अनुसार गंगोत्री धाम के कपाट 22 अक्तूबर को अन्नकूट के पावन पर्व पर 11:36 बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। इसके बाद शीतकाल में श्रद्धालु गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा स्थित गंगा मंदिर में मां गंगा के दर्शन और पूजा-अर्चना का पुण्य लाभ अर्जित कर पाएंगे। इस मौके पर यमुनोत्री मंदिर समिति के प्रवक्ता पुरुषोत्तम उनियाल, मनमोहन उनियाल, कृतेश्वर उनियाल, सुरेश उनियाल महावीर प्रसाद, प्रीतम, दिव्यांशु आदि तीर्थ पुरोहित उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




