Uttarakhand Weather: मॉनसून उत्तराखंड से कब विदा होगा? IMD ने बता दी तारीख, चारधाम यात्रा पर भी अपडेट
Uttarakhand Weather: मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो से तीन दिन में मॉनसून उत्तराखंड से विदा हो जाएगा। आज कुछ जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है। इस बीच चारधाम यात्रा ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ी।

Uttarakhand Weather: kउत्तराखंड में मॉनसून की विदाई की स्थितियां बनने लगी हैं। अगले दो से तीन दिन में मॉनसून विदा हो जाएगा। इस बीच, मौसम विभाग ने गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है। उधर, चारधाम यात्रा एक बार फिर रफ्तार पकड़ने लगी है।
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बुधवार को बताया कि उत्तराखंड में वर्तमान परिस्थितियां के हिसाब से अगले दो-तीन दिन के भीतर प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों से मॉनसून विदा हो जाएगा।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश
विभाग के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान जखोली में 20 मिमी, जानकीचट्टी में नौ, कर्णप्रयाग में 8.5, ताकुला में 7.5, थल में चार, चौबटिया रानीखेत में 3.5, मुक्तेश्वर में तीन मिमी बारिश दर्ज की गई। बुधवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
चारधाम यात्रा ने फिर पकड़ी रफ्तार
मॉनसून सीजन के उतार पर आने के साथ चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह बढ़ रहा है। ऋषिकेश के केंद्रों पर रोज 2,000 से अधिक यात्री पंजीकरण करा रहे हैं।
नगर में बुधवार को सुबह सात बजे से ही यात्री ट्रांजिट केंद्र पहुंचने लगे। गुजरात, मध्यप्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत विभिन्न राज्यों से आए डेढ़ हजार यात्रियों ने दोपहर तक पंजीकरण कराया। शाम पांच बजे तक कुल 2,250 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। यात्रा बस अड्डे पर संचालित एक दर्जन काउंटरों पर भी यात्रियों की भीड़ रही। यात्रा प्रशासन संगठन के ओएसडी डॉ. प्रजापति नौटियाल ने बताया कि ट्रांजिट केंद्र और यात्रा बस अड्डे पर यात्रियों को रजिस्ट्रेशन की सुगम सुविधा मिल रही है।

