
निर्यात तैयारी सूचकांक में उत्तराखंड को पहला स्थान, CM पुष्कर धामी बोले- गर्व का क्षण
निर्यात तैयारी सूचकांक में उत्तराखंड को पहला स्थान मिला है। हिमालयी राज्य के बाद जम्मू और कश्मीर, नागालैंड, दादरा और नगर हवेली व दमन और दीव तथा गोवा का स्थान रहा।
नीति आयोग द्वारा जारी निर्यात तैयारी सूचकांक–2024 में उत्तराखंड ने छोटे राज्यों, उत्तर-पूर्व और केंद्र शासित प्रदेशों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है। इस श्रेणी में उत्तराखंड के बाद जम्मू और कश्मीर, नागालैंड, दादरा और नगर हवेली व दमन और दीव तथा गोवा का स्थान रहा।
सूचकांक के अनुसार, निर्यात को बढ़ावा देने में राज्यों की भूमिका महत्वपूर्ण है। नीति आयोग का मानना है कि वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के मौजूदा दौर में निर्यात राज्यों के लिए नए अवसर भी पैदा कर रहा है।
आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी.वी.आर. सुब्रमण्यम ने कहा कि निर्यात आर्थिक वृद्धि का प्रमुख आधार है और भारत की दीर्घकालिक आर्थिक महत्वाकांक्षाओं में इसकी केंद्रीय भूमिका है। यह सूचकांक राज्यों को अपनी प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत करने और वैश्विक बाजारों से बेहतर जुड़ने का स्पष्ट रोडमैप प्रदान करता है।
धामी बोले- प्रदेश के लिए गर्व का क्षण
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि निर्यात तैयारी सूचकांक में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड का शीर्ष स्थान प्राप्त करना राज्य के लिए गर्व का विषय है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जाए।
निर्यात आर्थिक विकास का प्रमुख इंजन
नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, निर्यात आर्थिक विकास का प्रमुख इंजन है। इससे न केवल विदेशी मुद्रा अर्जित होती है, बल्कि वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भागीदारी बढ़ती है और व्यापार घाटे को कम करने में मदद मिलती है। उत्तराखंड का यह शीर्ष स्थान राज्य को निवेश और औद्योगिक विकास के नए अवसरों की ओर ले जाने वाला कदम माना जा रहा है।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




