
उत्तराखंड में बच्चों के कंचे खेलने पर डांट नहीं, मिलेगा पुरस्कार; खेल महाकुंभ में शामिल
बच्चों के पारंपरिक खेल कंचा (गोली/अंटी) को अब खेल महाकुंभ-2025 में लोक खेलों को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से पहली बार राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल किया गया है, जिसके लिए खेल विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है।
गली-मोहल्लों में खेला जाने वाला पारंपरिक खेल गोली (कंचा/अंटी) अब बच्चों के लिए डांट-पिटाई से सम्मान की ओर बढ़ता कदम साबित होने जा रहा है। खेल महाकुंभ-2025 में पहली बार कंचा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के रूप में शामिल कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य लोक खेलों को पुनर्जीवित करना और ग्रामीण प्रतिभाओं को बड़े मंच से जोड़ना है। खेल विभाग ने कंचा प्रतियोगिता कराने को खरीद के ऑर्डर देने शुरू कर दिए हैं, वहीं खेल प्रशिक्षकों ने ऑनलाइन नियमों का प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ी ‘टीपा’, ‘लाइन हिट’, ‘डायरेक्ट शॉट’ व ‘मार्बल कंट्रोल’ जैसे कौशलों के आधार पर अंकों के लिए मुकाबला होगा। जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रतीक जोशी ने बताया कि बुधवार को जारी गाइडलाइन में पहली दफा कंचा खेल को शामिल किया गया है। बताया कि लोक खेलों की पुनर्बहाली से बच्चों में एकाग्रता, हाथों का समन्वय और रणनीतिक सोच को बढ़ावा मिलेगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि प्रतियोगिता कराने के लिए कंचे खरीदने के ऑर्डर दिए गए हैं।
दिव्यांगजन श्रेणी
- टी-11 पूर्ण दृष्टिबाधित
- टी-13 आंशिक दृष्टिबाधित
- मूक-बधिर खिलाड़ी
- ऑर्थो : लोअर/अपर लिम्ब, व्हीलचेयर, स्पाइनल
नोट : एथलेटिक्स, बैडमिंटन, तैराकी (एस-1 से एस-10) खेलों में सीधे राज्य स्तर पर होंगी
किस स्तर पर कौन-कौन सी प्रतियोगिताएं होंगी
1- न्याय पंचायत क्षेत्र: स्थानीय जनप्रतिनिधि-कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट
2- विधानसभा क्षेत्र: विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी- कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो,मुर्गा झपट
नोट : वॉलीबॉल और पिट्टू खेल सीधे विधानसभा स्तर पर होंगे।
3- संसदीय क्षेत्र- सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी- कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो,मुर्गा झपट
नोट : मलखम्ब, रस्साकसी, गोली (कंचा/अंटी), फुटबाल, बैडमिंटन खेल संसदीय स्तर पर होंगे
4- राज्य स्तर- मुख्यमंत्री चैंपियन ट्रॉफी- कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो,मुर्गा झपट, वालीबॉल, पिट्टू, मलखम्ब, रस्साकसी, गोली, फुटबाल, बैडमिंटन (एकल-युगल)
नोट : जूडो, बॉक्सिंग, टेबिल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबाल, हॉकी, हैंडबाल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, फैंसिंग, कुश्ती, पन्चाक सिलाट, पावर लिफ्टिंग खेल सीधे राज्य स्तर पर होंगे।
खेल सिर्फ तीन वर्गों और चार स्तर पर होंगे
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि खेल महाकुंभ-2025 में सिर्फ अंडर-14, अंडर-19 और दिव्यांगजन (ओपन) श्रेणियों में प्रतिस्पर्धाएं आयोजित होंगी। ये न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर आयोजित होंगी।
कौन ले सकता है भाग
- सरकारी/निजी स्कूलों के छात्र-छात्राएं
- आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय के विद्यार्थी
- नवोदय, केवी, सरस्वती विद्या मंदिर सहित मान्यता प्राप्त संस्थान के छात्र
- खेल अकादमी, छात्रावासों और खेल संघों से जुड़े खिलाड़ी
ऐसे करना होगा आवेदन
सभी प्रतिभागियों को https://khel-mahakumbh2025.zhelouk.in/registration वेबसाइट पर फोटोयुक्त आयु प्रमाण पत्र के साथ सिर्फ ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। विजेताओं को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। धनराशि जिला युवा कल्याण अधिकारियों के माध्यम से विद्यालयों तक भेजी जाएगी और आयोजन रिपोर्ट तीन दिन के भीतर जिला कार्यालयों को भेजनी होगी।
खिलाड़ियों ने जू-जित्सू में जीते 15 गोल्ड
राज्य स्तरीय जू-जित्सू प्रतियोगिता में सिंथिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल के खिलाड़ियों ने 15 स्वर्ण, 11 रजत, 5 कांस्य पदक जीते। विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. प्रवीन्द्र कुमार रौतेला ने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य के लिए बधाई दी। समारोह में सुरेश चन्द्र मिश्रा, महेश जोशी, अकादमिक कोऑर्डिनेटर बीबी जोशी, केसी पंत, एसएस कपकोटी, कोऑर्डिनेटर प्रदीप मित्रा, हेमा तिवारी, ऋचा कर्नाटक, आईडी जोशी, बीसी सती, पुष्कर सिंह राजपूत, सुनीता तिवारी, हिमांशु तिवारी, रविन्द्र, दीपक जोशी आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Anubhav Shakyaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




