उत्तराखंड में कल कैसा रहेगा मौसम? भूस्खलन से 100 से अधिक सड़कें बंद
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बारिश से जगह-जगह भूस्खलन होने से 2 नेशनल हाईवे समेत 100 से अधिक सड़कें बंद हैं। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में गरज चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है।

Uttarakhand Mausam: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन देखने को मिल रहे हैं। इन भूस्खलन के कारण उत्तराखंड में 100 से अधिक सड़कें बंद हैं। इस बीच देहरादून में पिछले 24 घंटे में एक निर्माणाधीान भवन की दीवार ढहने से एक महिला घायल हो गई और एक अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया। मौसम विभाग ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश की चेतावनी दी है।
इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ बहुत तेज बारिश की संभावना है। हरिद्वार जिले में भी कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और बौछारें पड़ने की चेतावनी जारी की गई है।
कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग 13 जुलाई को उत्तराखंड के देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ जगहों पर गरज चमक और वज्रपात के साथ भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और बहुत तेज बारिश की संभावना है।
दो नेशनल हाईवे समेत 126 सड़कें बंद
इस बीच, बीते 3 दिन से स्यानाचट्टी में भूस्खलन के कारण बंद पड़े यमुनोत्री नेशनल हाईवे को दुरुस्त करने का काम लगातार जारी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड में दो नेशनल हाईवे समेत कुल 126 सड़कें बंद हैं।
प्रेमनगर क्षेत्र में बड़ा संकट टला
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में पिछले साल आई आपदा के दौरान बहे पुल की जगह बनाया गया अस्थाई पुल रविवार तड़के आई भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया। इससे क्षेत्र में यातायात प्रभावित नहीं हुआ क्योंकि प्रशासन ने उसी के पास बनाए गए एक नए पुल को रविवार को ही यातायात के लिए खोल दिया।
थराली-ग्वालदम नेशनल हाईवे भी क्षतिग्रस्त
वहीं देहरादून के पथरिया पीर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण एक निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खतरे के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र के 7 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। वहीं चमोली जिले में सिमली-थराली-ग्वालदम नेशनल हाईवे नारायणगढ़ में सड़क का कुछ हिस्सा टूटने के कारण आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त है। इसको ठीक करने की कोशिशें की जा रही हैं।
ऋषिकेश-यमुनोत्री नेशनल हाईवे अब भी बंद
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने कहा कि तवाघाट-गुंजी नेशनल हाईवे मलघट में बंद है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) मलबे को हटाकर सड़क को साफ करने के काम में जुटा है। वहीं स्यानाचट्टी में ऋषिकेश-यमुनोत्री नेशनल हाईवे भूस्खलन के कारण बृहस्पतिवार से बंद है। मार्ग को दुरुस्त कर यातायात बहाल करने की कोशिशें जारी हैं। मलबा और बोल्डर हटाने के साथ ही वैकल्पिक मार्ग भी तैयार किया गया है।


